बिल्सी (बदायूं)। नगर में इलेक्ट्रॉनिक्स सामान के व्यापारी के घर में लूट के मामले में पकड़े मास्टरमाइंड कपड़ा व्यापारी रानू को पुलिस ने सोमवार को जेल भेज दिया। उसके पास से एक मोबाइल बरामद हुआ है, साथ ही उसने बिल्सी में एक चोरी को अंजाम देने की बात भी कबूली है। पुलिस ने फरार दोनों आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
शनिवार रात नगर के मोहल्ला नंबर एक निवासी इलेक्ट्रॉनिक्स व्यापारी अजीत कुमार जैन के घर में चार सशस्त्र बदमाशों ने व्यापारी और उनके परिवारवालों को बंधक बना लिया था। उनके मुंह पर टेप चिपका दिया था। उनके घर से करीब आठ लाख का सामान लूट लिया गया था। गनीमत ये रही कि बदमाशों के भागते समय मोहल्लेवालों को शक हो गया। मोहल्ले वाले उनके पीछे पड़ गए तो दो बदमाशों को दबोच लिया। दो बदमाश भागने में सफल रहे। पकड़े गए बदमाश विकास माहेश्वरी और आलम से पूछताछ हुई तो उन्होंने मास्टरमाइंड कपड़ा व्यापारी मोहल्ला नंबर एक निवासी आशीष उर्फ रानू का नाम लिया।
पुलिस ने रानू को रविवार को ही हिरासत में ले लिया था। उसे बदायूं-बिजनौर हाईवे से वार्ष्णेय कोल्ड स्टोर के नजदीक से गिरफ्तार दिखाया। पूछताछ हुई तो उसने बिल्सी में ही एक और चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात भी कबूली। पुलिस ने उसके पास से लूट की घटना में प्रयोग किए मोबाइल को बरामद किया है। विकास माहेश्वरी और आलम को रविवार दोपहर जेल भेजा गया था जबकि आशीष को सोमवार दोपहर बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस ने फरार बदमाशों की तलाश तेज कर दी है। उनकी तलाश में पुलिस टीमें लगा दी गई हैं। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।
इलेक्ट्रॉनिक्स सामान के व्यापारी के घर में हुई लूट के मामले में विकास और आलम को रविवार दोपहर बाद जेल भेजा गया था। इसका मास्टर माइंड आशीष उर्फ रानू को सोमवार दोपहर जेल भेजा गया है। फरार आरोपियों की तलाश कराई जा रही है। उन्हें भी जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।- अनिरुद्ध सिंह, सीओ बिल्सी