आसफपुर (बदायूं)। इलाके में बेखौफ बदमाशों ने बुधवार शाम एक बाइक सवार ग्रामीण से असलहों के बल पर 32 हजार रुपये और एक मोबाइल लूट लिया। बदमाशों ने उसकी जमकर पिटाई लगाई, जिससे ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया है। वहीं बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के ग्राम सीकरी निवासी सुरेंद्र पुत्र मदनलाल बुधवार को आसफपुर की साप्ताहिक बाजार में मवेशी खरीदने आया था। शाम तक बाजार में मवेशी देखता रहा। जब कोई पसंद नहीं आया तो वह देर शाम गांव के लिए लौट चला। बताते हैं कि सुरेंद्र बाइक लेकर देवस्थान के पास पहुुंचा था कि तभी चार बदमाशों ने उसे रोक लिया। बाइक रुकते ही बदमाशों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। एक बदमाश ने उसके ऊपर तमंचा तान दिया। उसकी इतनी पिटाई लगाई कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके बाद बदमाशों ने उसकी जेब से 32 हजार रुपये और उसका मल्टीमीडिया मोबाइल लूट लिया। इस घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। भुक्तभोगी की माने तो उसने राहगीरों की मदद से पुलिस को सूचना दी लेकिन थाना पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। थकहार कर पीड़ित स्वयं थाने पहुंचा। फिर उसने पुलिस को पूरी जानकारी दी। तब कहीं पुलिस ने उसे मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा। सुरेंद्र ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दे दी है लेकिन पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है।