सहसवान (बदायूं)। बुधवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने बैंक से लौट रहे एक किसान से दिनदहाड़े 1.80 लाख रुपये लूट लिए और किसान को धक्का देखकर मौके से फरार हो गए। इस वारदात के बाद कस्बे में सनसनी फैल गई। पुलिस तुरंत ही मौके पर पहुंच गई। बदमाशों को तलाश किया गया लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका।
कस्बे के मोहल्ला रुस्तमटोला निवासी खालिद पुत्र नौशे बुधवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे अपनी मोपेड लेकर केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) खाते से रुपये निकालने भारतीय स्टेट बैंक पहुंचे थे। करीब आधा घंटा उन्हें रुपये निकालने में लगा। उन्होंने अपने खाते से 1.80 लाख रुपये निकाले और पॉलिथीन में रख लिए। उसके बाद अपनी मोपेड के हैंडिल में रुपयों भरी थैली लटकाकर अपने घर की ओर जा रहे थे। वह घर से कुछ दूर रह गए थे कि तभी पल्सर बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने अपनी बाइक आगे लगाकर उन्हें रोक लिया। फिर उनसे रुपयों भरी थैली लूट ली। बाइक मोड़ने के दौरान बदमाशों की बाइक भी गिर गई। लोग कुछ समझ पाते उससे पहले बदमाश अपनी बाइक उठाकर मौके से फरार हो गए। कुछ लोगों ने खालिद की चीख पुकार सुनकर बदमाशों का पीछा किया और उन्हें पकड़ने की कोशिश की लेकिन कोई कामयाब नहीं हो सका। किसान ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। दिनदहाड़े लूट की खबर से कस्बे में सनसनी फैल गई। कुछ देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। देर शाम तक बदमाशों की तलाश चलती रही लेकिन तब तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। किसान ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बदमाशों ने महिला के कुंडल लूटे, विरोध में पीटा
सहसवान (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बक्सर खालसा के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के कुंडल लूट लिए। महिला ने शोर मचाने का प्रयास किया तो बदमाशों ने उसकी पिटाई कर दी। फिर बदमाश मौके से फरार हो गए।
ग्राम बक्सर खालसा निवासी गंगादीन की विवाहित बेटी रूशमा रक्षाबंधन के अवसर पर अपने मायके आई थी। तभी से वह अपने मायके में रुकी हुई थी। बुधवार को उसके मायके वाले खेत पर काम कर रहे थे। उन्हें खाना देने के लिए रूशमा खेत पर जा रही थी। वह सहसवान-कछला मार्ग से जैसे ही कच्चे रास्ते की ओर घूमी कि तभी पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे रोक लिया। फिर तमंचे के बल पर उसके कुंडल लूट लिए। रूशमा ने शोर मचाने का प्रयास किया और एक बदमाश को मौके पर पकड़ लिया। इससे बदमाश बौखला गए और उन्होंने खुद को छुड़ाने के लिए रूशमा के साथ मारपीट कर दी। जिससे उसके काफी चोटें भी आईं। अपनी जान को खतरा देखकर महिला डर गई। इसका फायदा उठाते हुए बदमाश मौके से फरार हो गए। बाद में महिला ने अपने परिवार वालों को इसकी जानकारी दी। उन्होंने पुलिस को बताया, जिस पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों को काफी तलाश किया लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका।
चुनौती दे रहे बदमाश, लाठी पीट रही पुलिस
सहसवान (बदायूं)। खुले चेहरे और तेज रफ्तार बाइक सवार बदमाश बुधवार को पुलिस के लिए खुली चुनौती देते हुए चले गए। उन्होंने ऐसे स्थान पर रुपये लूटे, जो भीड़भाड़ वाला इलाका है। वहीं बैंक सुरक्षा के सारे दावे फेल हो गए। बदमाश किसान के पीछे बैंक से लगे थे। उस दौरान न तो कोई पुलिस मौजूद थी और न ही कहीं रास्ते में दिखाई दी।
किसान खालिद का घर और भारतीय स्टेट बैंक में मात्र आधा किलोमीटर का फासला होगा। इससे खालिद भी निश्चिंत थे कि उनके साथ लूटपाट की वारदात नहीं होगी। वो भी रुपये पॉलिथीन में रखकर उसे मोपेड के हैंडिल में लटका कर चल दिए। किसान की माने तो उन्होंने बदमाशों को पीछे आते नहीं देखा था लेकिन जब उनके साथ लूटपाट हुई तो उन्हें लगा कि बदमाश बैंक के बाहर मौजूद थे। बाइक सवार बदमाश इंतजार में थे कि कोई रुपये निकालकर बाहर निकले और उसे निशाना बनाएं। बदमाशों ने न तो हेलमेट पहना था और न ही उनके चेहरे ढके हुए थे। दोनों तेज रफ्तार पल्सर बाइक पर सवार थे। दोनों बदमाश रुपये लूटकर किधर फरार हो गए किसी को पता नहीं चला। उसके बाद छानबीन में जुटी पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। इसके खुलासे के लिए कोतवाली पुलिस के अलावा एसओजी, सर्विलांस टीम को भी लगाया गया है। बहरहाल बदमाशों का कुछ पता नहीं चला है।