बदायूं। हॉटस्पॉट क्षेत्र में मेडिकल स्टोर को बंद रखने के निर्देश के बाद भी कई मेडिकल स्टोर आधा शटर खोलकर काउंटर से दवाओं की बिक्री कर रहे थे। दुकानों के बाहर भीड़ जुटने से सामाजिक दूरी का पालन नहीं हो रहा था। साथ ही संक्रमण फैलने का खतरा बन रहा था। इसको लेकर अमर उजाला ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी, जिसके बाद में गुरुवार को पुलिस की सख्ती अन्य दिनों की अपेक्षा ज्यादा देखने को मिली और मेडिकल स्टोर बंद रहे। दोपहर में सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी ने लावेला चौक पर औचक निरीक्षण किया।
देश में तीन मई तक लॉकडाउन चल रहा है। ऐसे में लोगों को घरों में रहने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान सभी तरह की दुकानें भी बंद हैं। हॉटस्पॉट क्षेत्र होने के कारण मेडिकल और पेट्रोल पंपों को भी बंद रखने के निर्देश दिए गए। इसके बावजूद भी लावेला चौक पर मेडिकल स्टोर संचालक नियमों की अनदेखी कर रहे थे। खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस-प्रशासन की ओर से लावेला चौक पर अधिक सख्ती देखने को मिली। जिसके बाद मेडिकल स्टोर पूरी तरह से बंद दिखाई दिए। दोपहर में सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार और सीओ सिटी विनय कुमार द्विवेदी ने लावेला चौक पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने लॉकडाउन के नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
मेडिकल स्टोर संचालकों की पास देने के समय ही स्पष्ट समझा दिया गया था कि वह ऐसा कुछ भी न करें, जिससे लॉकडाउन के नियमों की अनदेखी हो। अगर ऐसा होता है, उसके पास निरस्त कर दिए जाएंगे। वहीं लावेला पर पहले से सख्ती और अधिक करने के निर्देश दिए हैं। - अमित कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट