बदायूं। कमिश्नर रणवीर प्रसाद और डीआईजी राजेश कुमार पांडेय ने गुरुवार को शहर के हॉटस्पॉट इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान कमिश्नर ने खिड़कियों से झांक रहे लोगों से बात की और उनकी परेशानियों को जानने का प्रयास किया। उन्होंने लोगों से पूछा कि उन्हें आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति हो रही है या नहीं। इस दौरान डीएम कुमार प्रशांत और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए कमिश्नर, डीआईजी और जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पहुंचे तो गाड़ियों के सायरन की आवाज सुनकर लोग अपनी-अपनी छतों और खिड़कियों से झांकने लगे। कमिश्नर रणवीर प्रसाद ने लोगों से पूछा कि किसी प्रकार की कोई परेशानी तो नहीं है। यदि परेशानी हो तो प्रशासन को फोन कर समस्या बताएं। घर में रहकर लॉकडाउन का पालन करें, अपने जीवन के मूल्य को समझें। आपस में सामाजिक दूरी बनाए रखें, नियमित समय के बाद अपने हाथों को साबुन या सैनिटाइजर से साफ करते रहें। मास्क या रुमाल से मुंह को ढकें। अपने आस-पड़ोस के लोगों की मदद करें। यदि पड़ोस में कोई भूखा हो, तो प्रशासन को इसकी जानकारी अवश्य दें, उसके लिए भोजन भेजा सके। उन्होंने कहा कि घर से बाहर न निकले, वरना ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। लोगों ने प्रशासन का सहयोग करने की बात कही।
पुलिस कर्मियों को बांटे समोसे व मट्ठा
डीएम कुमार प्रशांत और एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने लॉकडाउन का पालन कराने में लगे पुलिस कर्मियों को समोसे व मट्ठा वितरित किया। उन्होंने कहा कि इस समय जनता को उनकी ज्यादा जरूरत है। ऐसे में ड्यूटी पूरी मुस्तैदी से की जाए।