गुलड़िया। मूसाझाग थाने के कस्बा गुलड़िया का माहौल बृहस्पतिवार को गरमा गया। दरअसल कस्बे से करीब 200 मीटर की दूरी पर एक हाजी ने अपने खेत के पास कब्रिस्तान में धर्मस्थल का निर्माण शुरू करा दिया। निर्माण कई दिन से चल रहा था। बृहस्पतिवार को कस्बे के लोगों को इस बारे में पता लगा तो गुस्सा दौड़ गया। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी थाना पुलिस को दी। सूचना पर एसओ ललित भाटी फोर्स के साथ गांव पहुंचे। पुलिस को देखकर निर्माण में लगे लोग भाग गए। मौके पर निर्माण सामग्री मिली है। अभी रिपोर्ट दर्ज कराने की किसी ने तहरीर नहीं दी है।
गुलड़िया कस्बे में इस धर्म स्थल को लेकर 2018 से विवाद है। उस वक्त भी निर्माण शुरू कराया गया था। इसके बाद बिना प्रशासन की अनुमति के धर्म स्थल के निर्माण पर पुलिस ने रोक लगा दी थी। मामला उस वक्त से ठंडे बस्ते में था। इस समय लॉकडाउन चल रहा है। लोग घरों से नहीं निकल रहे हैं। इसका फायदा उठाते हुए तीन-चार दिन पहले धर्मस्थल निर्माण के लिए गुपचुप तरीके से दीवारें बनाने का काम शुरू कर दिया गया। बृहस्पतिवार को लोगों को इसके बारे में पता लगा। धर्मस्थल निर्माण की कोशिश के इस मामले को लेकर लोगों में रोष है। एसओ ललित भाटी ने बताया कि कोई नई परंपरा शुरू नहीं होने दी जाएगी। लॉकडाउन के दौरान निर्माण कार्य भी नहीं होने दिए जाएंगे। धर्मस्थल मामले में अभी कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।