बिसौली (बदायूं)। शुक्रवार रात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भमोरी के जंगल में संविदा लाइनमैन का शव फंदे से लटका मिला। इस पर पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि हुई है। देर शाम परिवार वालों ने लाइनमैन के शव को पावर कॉरपोरेशन के उपकेंद्र में रखकर मुआवजा की मांग की।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गुलड़िया निवासी जुगेंद्र पुत्र चंद्रपाल पावर कॉरपोरेशन के उपकेंद्र परवेज नगर पर तैनात था। उसके भाई विजेंद्र के मुताबिक जुगेंद्र चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। कुछ दिन पूर्व परवेज नगर में उस पर कुछ लोगों ने हमला बोल दिया था। उसके साथ मारपीट भी हुई थी। जुगेंद्र शुक्रवार को कोतवाली में अपने बयान दर्ज कराने आया था। उसके बाद वह लापता हो गया। कुछ लोग बता रहे हैं कि लाइनमैन भमोरी के जंगल में लाइन ठीक करने गया था। उसके बाद वहां से नहीं लौटा।
रात वह घर नहीं आया और उसका मोबाइल भी नहीं मिला तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। देर रात उसका शव फंदे से लटका मिला। परिवार वालों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर उसका शव से उतार लिया। बाद में इसकी सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची। पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शनिवार दोपहर उसके शव का पोस्टमार्टम कराया गया। जिसमें उसकी मौत की वजह फंदे पर लटकने से बताई गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद उसके शव को परिवार वालों को सौंप दिया। इधर, शाम के समय परिवार वालों ने उपकेंद्र में शव को रख दिया। उन्होंने विभाग से मुआवजा दिलाने की मांग की। इसकी सूचना पर सीओ विनय सिंह चौहान और इंस्पेक्टर पंकज लवानियां मौके पर पहुंच गए। उन्होंने जैसे-तैसे परिवार वालों को समझाया और वहां से हटाया। सीओ ने बताया कि परिवार वालों ने इस मामले में कोई आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी हैंगिंग आई है। परिजन को समझा दिया गया है कि इस मामले में उचित कार्रवाई कराई जाएगी।