कई दिनों तक पड़ी भीषण गर्मी के बीच गुरुवार आधी रात से शुरू हुई रिमझिम बरसात से लोगों को राहत मिली है। बारिश के कारण सड़कों और गलियों में जलभराव हो गया है जो लोगों के लिए नई मुसीबत बन गया है। नाले-नालियां चोक होने से सड़कों पर कीचड़ जमा हो गई है। इसकी वजह से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
गुरुवार की देर शाम से शहर में रुक-रुककर हो रही बारिश शुक्रवार को भी जारी रही। बारिश के कारण शहर में कई स्थानों पर जलभराव जैसे हालात पैदा हो गए। गलियों मेें पानी भर गया। मोहल्ला पटियाली सराय से लेकर शहबाजपुर चौराहे तक बरसात के बाद हुए जलभराव से नालियों का पानी लोगों के घरों में घुस गया। गली उखड़ी पड़ी होने की वजह से लोगों को यहां निकलना दूभर हो गया है। इसके अलावा महाराजनगर, ढाकवाली ज्यारत, नेकपुर, जोगीपुरा, सम्राट अशोक नगर, ब्रह्मपुर और स्टेशन के सामने गलियों में पानी भर गया है। यहां के निवासी अंकित, अनुज और दिनेश ने बताया कि चुनाव जीतने के बाद से पालिका कार्यकाल खत्म होने से पहले चेयरमैन ने कभी उनके मोहल्ले में आने की जहमत नहीं उठाई।
लोगों का कहना है यदि नगर पालिका परिषद प्रशासन ने नालों की ठीक से सफाई कराई होती तो यह स्थिति पैदा नहीं होती। जो मामूली बरसात में ही सड़कों पर देखने को मिलती है। बरसात के कारण रोडवेज डिपो परिसर में पानी भरने से यात्रियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। निजी बस स्टैंड पर कीचड़ होने के कारण कई लोग गिर कर चोटिल हो गए।