अब्दुल्लागंज के पास जंगल में मंगलवार सुबह कवरबिज्जू कुंए में पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसे कुंए से बाहर निकाला। बुधवार को कहीं जंगल में छोड़ा जाएगा। कवरबिज्जू की जानकारी होने से पहले इलाके में तेंदुआ की अफवाह फैल गई थी।
कोतवाली क्षेत्र में अब्दुल्लागंज के पास बरामालदेव रोड से सटे कुंए में कवरबिज्जू कब गिरा, यह तो ग्रामीणों को नहीं पता लेकिन पूर्व प्रधान रवेंद्र सक्सेना ने बताया कि सोमवार शाम ग्रामीणों ने कुंए में डरावनी आवाज सुनी तो अंदर झांका था। पानी विहीन कुंआ गहरा होने की वजह से ग्रामीण कवरबिज्जू को तेंदुआ समझकर दहशत में पड़ गए थे। पूर्व प्रधान की सूचना के बाद डीएफओ संजीव कुमार ने वन कर्मियों को मौके पर भेजा। वन कर्मी अपने साथ जाल भी लाए। वन कर्मियों की टीम में शामिल सुनील कुमार, अखिलेश मिश्रा और कल्लू ने मशक्कत कर कवरबिज्जू को बाहर निकाल लिया। डीएफओ संजीव कुमार ने बताया कि बरामद कवरबिज्जू पूरी तरह स्वस्थ है। उसका वजन भी कोई खास अधिक नहीं है। उसे बुधवार को दूर की जंगल में छुड़वा दिया जाएगा।