लेखपालों ने किया तहसील दिवस बहिष्कार का एलान
- फोटो : अमर उजाला
मंडलीय बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण फैसले
उप्र लेखपाल संघ की मंडलीय बैठक तहसील सदर में आयोजित की गई। इसमें प्रांतीय मंत्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि लेखपाल अपनी छह सूत्री मांगों को लेकर लंबे समय से आश्वासन ही हासिल कर पा रहे हैं। अब यह बर्दास्त नहीं होगा। उन्होंने ऐलान किया कि आगामी 16 अगस्त को तहसील दिवस का बहिष्कार किया जाएगा।
मंडलीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे संघ के जिलाध्यक्ष भोजराज सिंह यादव ने कहा कि संघ के दिशा निर्देशों का बदायूं के लेखपाल अक्षरश: परिपालन करेंगे। इस मौके पर प्रांतीय उपाध्यक्ष दीपक त्यागी, सहसचिव जीराज राठौर ने भी आंदोलन को सफल बनाए जाने का आह्वान किया। बरेली के जिला मंत्री तुलाराम, शाहजहांपुर कार्यकारिणी के पदाधिकारियों में नरेंद्र यादव, पीलीभीत के जिलाध्यक्ष राकेश कुमार गंगवार, जिलामंत्री राधेकृष्ण, मंडल की सभी तहसीलों के अध्यक्ष मौजूद रहे।
जिला मंत्री रामनिवास मिश्रा ने बताया कि संघ के प्रांतीय कार्यालय से यहां कार्यकारिणी संपर्क बनाए हुए है। मंडल में प्रांतीय निर्देशों का परिपालन कराया जाएगा। बैठक में कुतुबउद्दीन, हरिश्चंद्र वर्मा आदि ने भी विचार व्यक्त किए। संचालन तहसील अध्यक्ष मो. रिजवान ने किया।