बदायूं। जालौन में कालपी बार संघ के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता गयादीन अहिरवार और कुशीनगर के अधिवक्ता मनीष कुमार गौड़ की हत्या करने के विरोध में सोमवार दोपहर अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए कलक्ट्रेट के सामने महाराणा प्रताप चौक पर चक्का जाम कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक प्रदर्शन किया। इससे ट्रैफिक व्यवस्था गड़बड़ा गई। अधिवक्ताओं ने डीएम के खिलाफ भी नारेबाजी की।
जिला बार एसोसिएशन के नेतृत्व में शहरभर के अधिवक्ताओं ने पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे से लेकर अपराह्न एक बजे तक महाराणा प्रताप चौक पर तीनों ओर से बैरियर, सीढ़ी और बाइकें खड़ी कर रास्ते को बंद रखा। इस दौरान प्रदर्शन करते हुए अधिवक्ता मौके पर डीएम को बुलाने की मांग पर अड़ गए। ट्रैफिक जाम होने से पुलिस-प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए।
सीओ सिटी सुमेध मिलिंद जाधव अधिवक्ताओं को मनाने पहुंचे, लेकिन अधिवक्ताओं ने हल्ला करते हुए डीएम को मौके पर बुलाने की मांग दोहराई। एडीएम प्रशासन मानवेंद्र सिंह के समझाने पर भी अधिवक्ता नहीं माने। करीब एक बजे डीएम अवनीश ने बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों को वार्ता के लिए कलक्ट्रेट के कैंपस में बुलाया। वहीं अधिवक्ताओं ने डीएम को ज्ञापन दिया।
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष देवपाल सिंह और महासचिव संदीप कुमार मिश्र की ओर से डीएम को दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि कालपी जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार और कुशीनगर के अधिवक्ता मनीष कुमार गौड़ की हत्या के विरोध में उनमें आक्रोश है। मांग की कि अधिवक्ताओं के हत्यारोपियों की तत्काल गिरफ्तारी हो। जांच कराकर मुकदमा त्वरित न्यायालय से निस्तारित कराया जाए। मृतक अधिवक्ताओं के परिवार को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा दिलाया जाए। अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू हो। ज्ञापन सौंपने के बाद अधिवक्तागण सड़क से हट गए। सीओ सिटी ने पुलिस टीम लगाकर ट्रैफिक खुलवाया।
जाम के बीच रास्ता बनाकर निकाली एंबुलेंस
अधिवक्ताओं ने जाम लगाने के दौरान किसी वाहन को नहीं निकलने दिया। जाम खुलवाने आए कई पुलिस कर्मियों को लौटना पड़ा। इस दौरान एंबुलेंस वहां पहुंची तो अधिवक्ताओं ने बैरिकेड हटाते हुए रास्ता खुद बनाकर उसे निकलवाया।
रोडवेज बसों में बैठे यात्री हुए परेशान
ट्रैफिक रोके जाने के बाद दर्जनभर से ज्यादा रोडवेज बसों सहित अन्य वाहनों के पहिये थम गए। बरेली, बदायूं सहित कई डिपो की बसें जाम में फंसने की वजह से इनमें बैठे यात्री परेशान हो गए। दोपहिया वाहन चालकाें को घूमकर आना पड़ा।
शहर की सड़कों की हालत खराब
करीब आधे घंटे तक टीम के मौके पर नहीं आने पर अधिवक्ताओं में खासी नाराजगी दिखी। जिला बार एसोसिएशन महासचिव संदीप कुमार मिश्र ने कहा कि शहर की सड़कों की हालत खराब है। डीएम इस ओर ध्यान नहीं दे रहे। आईजीआरएस पर खानापूरी कर शिकायतों का निस्तारण किया जा रहा है।
दो अधिवक्ताओं की हत्या के विरोध में जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने ज्ञापन दिया है। ज्ञापन में मृतक अधिवक्ताओं के परिवार को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा दिलाने और अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांगें शामिल हैं। ज्ञापन की मांगों के संबंध में शासन को अवगत करा दिया गया है। मांगें शासन स्तर की हैं। - अवनीश राय, डीएम
बदायूं के महाराणा प्रताप चौक पर जालौन में अधिवक्ता की हत्या के विरोध में जिलाधिकारी कार्यालय
बदायूं के महाराणा प्रताप चौक पर जालौन में अधिवक्ता की हत्या के विरोध में जिलाधिकारी कार्यालय
बदायूं के महाराणा प्रताप चौक पर जालौन में अधिवक्ता की हत्या के विरोध में जिलाधिकारी कार्यालय
बदायूं के महाराणा प्रताप चौक पर जालौन में अधिवक्ता की हत्या के विरोध में जिलाधिकारी कार्यालय