पत्नी को ससुराल से बुलाने गये पति की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घरवालों ने ससुरालियों पर जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। बता दें कि कस्बा दहगवां निवासी रजनेश 28 पुत्र बलवीर उर्फ बल्लू की शादी गांव नगला धनू, थाना कोतवाली देहात, जिला एटा से हुई थी। रजनेश के घरवालों का आरोप है कि उसके ससुर शादी से खुश नहीं था। उसने पहले भी दामाद के खिलाफ अपनी पुत्री को भगा ले जाने के आरोप मे एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसमे रजनेश जेल गया था। जेल से आने के बाद लड़की स्वयं पति के साथ रहने की जिद करने लगी तो वह उसे अपने साथ ले आया। रक्षाबंधन से एक दिन पूर्व वह पत्नी को उसके मायके छोड़कर आया था। शनिवार को वह उसे बुलाने के लिए अपनी ससुराल एटा गया था। आरोप है कि वहां साढू, सलहज, ससुर व चचिया ससुर ने रजनेश को खाने में जहर दे दिया। बाद में अस्पताल में भर्ती कराकर भाग गए। अस्पताल में उसकी मौत हो गई। इस मामले में एटा पुलिस को तहरीर दी गई है। परिजनों ने देर रात शव का अंतिम संस्कार कर दिया।