ट्रैफिक पुलिस भी नहीं खुलवा सकी
रोजाना दिन में लगता है कई दफा जाम
शहर के लावेला चौक पर मंगलवार की दोपहर को लगे जाम ने हर किसी को परेशान करके रख दिया। एक घंटे से भी अधिक समय तक लगातार लगे रहे जाम में फंसे राहगीरों को निकलने में काफी दिक्कतें हुई। जाम को खुलवाने में ट्रैफिक पुलिस के पसीने छूट गए। इस चौराहे पर रोजाना ही दिन भर में कई बार जाम लगता है,फिर भी ट्रैफिक पुलिस लोगों को जाम के झाम से मुक्ति नहीं दिला पा रही है।
करीब 12 बजे लावेला चौक पर जाम लग गया। देखते ही देखते सभी सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वाहनों के सायरन की आवाज ही हर तरफ सुनाई दे रही थी। कड़ाके की धूप के बीच जाम में फंसे लोग काफी परेशान हो गए। जाम में तमाम महिलाएं और बच्चे भी थे। पता हो कि चौक के पास ही रोडवेज बस स्टैंड हैं। हर समय बसें निकलतीं रहतीं हैं। लगातार एक घंटे से भी अधिक देर तक लगे रहे जाम ने हर किसी को दुखी करके रख दिया। ट्रैफिक पुलिस के जवान जाम के खुलवाने में लगे लेकिन उनके भी हाथ-पांव फूल गए। काफी प्रयासों के बाद जाम खुल सका। तब कहीं जाकर लोगों को राहत मिली।