मां के खाते में जमा रुपयों का नहीं मिला भुगतान
निजी अस्पताल में चल रहा था ब्रजेश का इलाज
इलाज में रुपयों की कमी से ब्रजेश कुमार नाम के युवक को जान गवांनी पड़ गई। ब्रजेश की मां का खाता बैंक ऑफ बड़ौदा में है। खाते में रुपये भी हैं, लेकिन ब्रजेश की मां कई बार बैंक गई। उसे रुपये नहीं मिल सके।
नगर के मोहल्ला बाजार कलां निवासी ब्रजेश कुमार (35) पुत्र श्रीकृष्ण पांच-छह दिन से बीमार चल रहा था। परिवार वालों ने उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। ब्रजेश के भाई सुधीर का कहना है कि इलाज के दौरान रुपयों की कमी हो गई। उसकी मां कलावती का खाता नगर की बैंक ऑफ बड़ौदा में है। उसकी मां कई बार रुपये निकालने बैंक गई। यहां भीड़ होने की वजह से रुपये नहीं मिल सके। ऐसे में गुरुवार को ब्रजेश की मौत हो गई। इधर, शाखा प्रबंधक हरकेश कुमार का कहना है कि इस नाम की कोई महिला उनसे नहीं मिली है। अगर कोई आता तो प्राथमिकता के आधार पर रुपयों का भुगतान किया जाता।