बदायूं के टुकरी गांव निवासी शिवओम का फाइल फोटो-
वजीरगंज। दीपावली मनाने घर लौट रहे मजदूरों की खुशियां सड़क हादसे में मातम में बदल गईं। शनिवार सुबह बिलारी के पास पिकअप वाहन की ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में वजीरगंज क्षेत्र के ग्राम टुकरी निवासी शिवओम की मौत हो गई, जबकि गांव के ही दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को बदायूं और बरेली के अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।
गांव टुकरी निवासी हरवीर ने बताया कि उनका भतीजा शिवओम (20) परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पंजाब में मजदूरी करने गया था। दीपावली मनाने के लिए वह पिकअप वाहन से घर लौट रहा था। शनिवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे बिलारी के पास पिकअप की ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में शिवओम की मौत हो गई। वहीं, पिकअप में सवार राजा बाबू (20) और दीपक सक्सेना (19) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल दीपक सक्सेना का बदायूं के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि राजा बाबू की गंभीर हालत देखते हुए उसे बरेली रेफर किया गया है। दीपावली की तैयारियों के बीच एक युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि हादसा मुरादाबाद के बिलारी में हुआ था। वहीं, पोस्टमॉर्टम कराया गया है।