जिला अस्पताल के समीप चाय का स्टॉल। संवाद
बदायूं। पश्चिम एशिया में युद्ध के चलते हुए जिले में रसोई गैस की किल्लत का असर अब आम लोगों की जेब पर भी दिखने लगा है। रसोई गैस सिलिंडर को ब्लैक में खरीदने व लकड़ी के चूल्हे पर चाय बनने की वजह से कुल्हड़ वाली चाय पर पांच रुपये तक दाम बढ़े हैं। पहले जहां एक कुल्हड़ चाय 10 रुपये में मिल जाती थी, वहीं अब इसके लिए ग्राहकों को 15 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं।
दुकानदारों का कहना है कि घरेलू गैस सिलिंडर की कमी के चलते उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई दुकानदार छोटे सिलिंडरों में गैस डलवाकर काम चला रहे हैं, जो 200 रुपये किलो तक मिल रही है। वहीं कुछ लकड़ी और कोयले के माध्यम से चाय बना रहे हैं। इससे लागत बढ़ गई है। ऐसे में उनके पास चाय के दाम बढ़ाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।