पुरानी रंजिश में एक पक्ष के लोगों ने कोटेदार को खेत पर फसल की रखवाली करते वक्त दबोच लिया। हमलावरों ने उसके ऊपर फायर झोंक दिया, संयोग से गोली कोटेदार के पैर में लगी। शोरगुल सुनकर मौके पर पहुंचे कोटेदार के घरवालों को देख हमलावर फरार हो गए।
जानलेवा हमले की घटना सोमवार रात कोतवाली क्षेत्र के गांव किनापुर की है। कोटेदार तेजसिंह (40 वर्ष) पुत्र बिहारीलाल शाम को मिर्च की फसल की रखवाली के लिए गांव के पास ही खेत पर गया। रात में करीब एक बजे उसे सोते वक्त दबोच लिया गया। वह हमलावरों से छूट कर भागा तो उसे निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी गई। गोली उसके पैर में लगी है। आरोप है कि हमलावरों ने दो-तीन फायर और भी किए लेकिन वह बचकर भागता रहा। घायल तेजसिंह ने शोर मचाया तो गांव से उसका भाई प्रेमपाल घरवालों के साथ दौड़ कर मौके पर पहुंच गया। प्रेमपाल के मुताबिक, हमलावर उसे और उसके घरवालों को आता देख जंगल की ओर भाग गए। भागते वक्त उसने चारों हमलावरों को पहचान लिया। गोली मारने की वजह उसने पुरानी रंजिश बताई है। घायल कोटेदार को रात में अस्पताल लाया गया। पुलिस ने भी अस्पताल में उससे घटनाक्रम के बारे में जानकारी हासिल की। बाद में उसे जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया। पुलिस ने कोटेदार के भाई की तहरीर पर हमलावर जगपाल, सेवाराम, काशीराम और प्रेम के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हालांकि कोतवाली देवराज राठी का कहना है कि मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। पुलिस ने एक हमलावर को हिरासत में भी लिया है।