दातागंज (बदायूं)। घर के दरवाजे पर खड़े धूप सेंक रहे एक किसान को सांड़ ने उठाकर पटक दिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार वालों ने जैसे-तैसे सांड़ को भगाया। इलाज के लिए उन्हें बरेली रेफर कर दिया गया है।
घटना सोमवार सुबह करीब आठ बजे की है। गांव पुरैनी निवासी जगदीश (56) अपने घर के बाहर खड़े धूप सेंक रहे थे। इसी बीच एक छुट्टा सांड़ अचानक घूमता हुआ आया और उन्हें अपने सींगों पर उठाकर जमीन पर पटक दिया। जगदीश की चीख सुनकर परिवार वाले व मोहल्ले के अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे। मोहल्ले वालों ने लाठी-डंडे लेकर बमुश्किल सांड़ को गांव से भगाया। परिवार वाले किसान को तुरंत स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बरेली रेफर कर दिया गया। किसान की हालत अभी गंभीर बनी हुई है।