बिल्सी। गांव बेहटा गुंसाई में आयोजित बीजीपीएल-9 क्रिकेट टूर्नामेंट के तहत शनिवार को किंग्स इलेवन और बेहटा चैंपियन के बीच खेले गए मुकाबले में किंग्स इलेवन ने 46 रन से शानदार जीत दर्ज करते हुए फाइनल में अपनी जगह बना ली है। मैच में दमदार बल्लेबाजी करने वाले उज्ज्वल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस जीतकर बेहटा चैंपियन के कप्तान रामकिशन ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए किंग्स इलेवन की टीम निर्धारित 16 ओवर में 17 रन बना सकी। टीम की ओर से उज्ज्वल ने सर्वाधिक 44 रन की आकर्षक पारी खेली। राजीव ने 12, विवेक ने 9 और कौशिक पुरी ने 4 रन का योगदान दिया। बेहटा चैंपियन की ओर से रामकिशन ने तीन विकेट लिए, जबकि आर्यन ने दो तथा अमन और आदिल ने एक-एक विकेट झटके।
118 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेहटा चैंपियन की शुरुआत निराशाजनक रही। शुरुआती पांच विकेट जल्दी गिरने से टीम दबाव में आ गई। नोबिता ने कुछ अच्छे शॉट लगाकर संघर्ष करने का प्रयास किया, लेकिन वह टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके। पूरी टीम 10.1 ओवर में 72 रन पर सिमट गई।
किंग्स इलेवन की ओर से गेंदबाजी में शिवम ने तीन, राजीव पुरी ने चार और टिंकू पाल ने दो विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई। मैच में शानदार 44 रन बनाने वाले उज्ज्वल को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इस मौके पर राघव पुरी, शुभम पुरी, ओम वार्ष्णेय, संदीप पांडेय, सुनील गुप्ता, समोद पुरी, कैलाश पुरी, शोभित पुरी, पंकज, अंकित शर्मा, सुभाष चंद्र, योगेश पाली, यीशु मिश्रा, राजेश गुप्ता, राजू गुप्ता, पुलकित गुप्ता आदि मौजूद रहे।