नपं ने गंगाघाट पर एलईडी लाइटें लगाने का प्रस्ताव भी बनाया
कछला नगर पंचायत ने गंगाघाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रकाश व्यवस्था से लेकर 10 पक्के शेड का निर्माण कराने की कवायद शुरू कर दी है। घाट पर एलईडी लाइट भी लगेगी। गंगाघाट के दोनों ओर इलेक्ट्रॉनिक शवदाह गृहों का निर्माण कराया जाएगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष पुष्पा देवी लौनिया चौहान ने कछला समेत गंगाघाट को विकसित करने के लिए जो योजना तैयार की, उसमें कई महत्वपूर्ण कार्यों को प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। लौनिया चौहान ने बताया कि गंगाघाट पर प्रकाश व्यवस्था की दिक्कत के मद्देनजर दोनों ओर पोल पर एलईडी बल्व लगवाए जाएंगे। दोनों ओर घाट पर पांच-पांच यात्री शेड के साथ शौचालयों का निर्माण भी कराया जाएगा। कस्बे को चौराहे से पहले ही शुरू की जा चुकी जेनरेटर लाइन का विस्तार कर उसे मोहल्लों में भी पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा गंगाघाट पर खासकर बाढ़ के दिनों में अंत्येष्टि को पहुंचने वाले लोगों को बैठने के लिए विश्राम स्थल के साथ ही घाट के दोनों ओर इलेक्ट्रॉनिक शवदाह गृह के निर्माण को अंतिम रूप दिया जा चुका है। धनराशि अवमुक्त होते ही इलेक्ट्रानिक शवदाह गृहों का निर्माण शुरू होगा। नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि कस्बे में सौर उर्जा प्लांट और नगर पंचायत प्रशासन का इंटर कॉलेज का भी निर्माण होगा।