बदायूं। रविवार को जल लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे एक स्कूटी सवार कांवड़िया छुट्टा गोवंश से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे ने कांवड़ यात्रा मार्गों पर सड़कों पर घूम रहे संरक्षित गोवंश की समस्या को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
शहर के मीरा चौकी क्षेत्र निवासी प्रेमवीर अपने साथियों के साथ स्कूटी से जल लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक सामने आए गोवंश से उनकी स्कूटी टकरा गई। टक्कर लगने से प्रेमवीर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ चल रहे कांवड़ियों ने उन्हें तत्काल एक निजी चिकित्सक के यहां पहुंचाकर उपचार कराया प्राथमिक उपचार के बाद साथी उन्हें अपने गंतव्य के लिए साथ ले गए।
लोगों का कहना है कि मंडलायुक्त की ओर से सड़कों से निराश्रित गोवंश हटाने के निर्देश दिए जाने के बावजूद मुख्य मार्गों पर अब भी बड़ी संख्या में गोवंश घूम रहे हैं। इससे राहगीरों और विशेष रूप से कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है।
छुट्टा गोवंशों को लेकर लगातार ईओ और बीडीओ निर्देश दे दिए हैं, वहीं अभियान चलाकर गोवंश पकड़े जा रहे हैं। - डॉ. पूरन चंद्र, प्रभारी सीवीओ
शिव भक्तों की राह में चुनौती बनेगा अंधेरा व छुट्टा गोवंश
- लोगों ने की स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
अलापुर/जगत। सावन के पहले सोमवार को कांवड़ लेकर गुजरने वाले शिवभक्तों को अलापुर के मुख्य एमएफ हाईवे पर अंधेरे और छुट्टा पशुओं के कारण परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट व्यवस्था नहीं है, जिससे रात के समय आवागमन जोखिम भरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि शिवभक्तों की सुरक्षा को देखते हुए स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराया जाए तथा हाईवे पर घूम रहे छुट्टा पशुओं को हटाने की व्यवस्था की जाए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
खंभों पर स्ट्रीट लाइट लगवाने एवं नई लाइट खरीदने के लिए ईओ को पत्र दिया गया है, लेकिन ईओ ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। वह प्रयासरत हैं कि किसी कांवड़िये को कोई दिक्कत न हो। - हुमा बी, चेयरमैन, अलापुर
कांवड़ियों के मार्ग पर भिड़े सांड़, राहगीरों ने खदेड़ा
उझानी। कांवड़ियों के मार्ग पर मुख्य बाजार में सांड़ों की आपस में भिड़ंत थमने का नाम नहीं ले रही। शनिवार रात और रविवार पूर्वाह्न दो स्थानों पर सांड़ों के सामने आ जाने से कांवड़ियों के कदम ठहर गए।
सांड़ों के आपस में लड़ने का पहला मामला अशफाक तिराहे के पास का है। शनिवार रात सांड़ लड़ते हुए गली के रास्ते से बाजार में पहुंच गए। उस वक्त हालांकि बाजार सुनसान था, लेकिन कांवड़ियों को दिक्कत हुई। इसके अलावा बदायूं रोड बाजार में पंजाबी कॉलोनी मोड़ के पास दो सांड़ आपस में भिड़ गए। यह देख कांवड़ियों के कदम ठहर गए। आसपास के लोगों ने पानी फेंककर सांड़ों को खदेड़ा।
पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विवेक माहेश्वरी ने बताया कि अब तक चार दर्जन से अधिक गोवंश पकड़े जा चुके हैं। गली-मोहल्लों में छुट्टा गोवंश की आवाजाही बनी हुई है। गली- मोहल्लों से निकलकर सड़क पर आने वाले छुट्टा गोवंश को भी पकड़ा जाएगा। संवाद
कछला से जल लेकर आ रहे कांवडियां सरंक्षित गौवंश की टक्कर से घायल। संवाद
कछला से जल लेकर आ रहे कांवडियां सरंक्षित गौवंश की टक्कर से घायल। संवाद