बदायूं। सावन माह में कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले में रूट डायवर्जन 31 जुलाई की रात 8 बजे से लागू हो जाएगा।
कांवड़ यात्रा के नोडल अधिकारी एवं एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि पहला रूट डायवर्जन 31 जुलाई की रात आठ बजे से तीन अगस्त की रात आठ बजे तक प्रभावी रहेगा। इसके बाद सावन माह के दौरान प्रत्येक शुक्रवार रात आठ बजे से अगले सोमवार रात आठ बजे तक यातायात डायवर्जन लागू रहेगा।
उन्होंने बताया कि कांवड़ियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है। डायवर्जन अवधि में भारी वाहनों सहित निर्धारित श्रेणी के वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा और उन्हें वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों के लिए परिस्थितियों के अनुसार अलग व्यवस्था की जाएगी।
एसपी सिटी ने आमजन से अपील की है कि यात्रा के दौरान जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और अनावश्यक रूप से कांवड़ मार्गों पर वाहन लेकर न जाएं। यात्रा से पहले अपने मार्ग की जानकारी प्राप्त कर लें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी।