श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को दृृष्टिगत रखते हुए कानून एवं शांति व्यवस्था कायम रखने को असामाजिक तत्वों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें मुचलका पाबंद किया जाएगा। सभी थानों में शांति समिति की बैठकें आयोजित कर संभ्रांत लोगों से सहयोग की अपील भी की जाएगी।
आगामी 20 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शुक्रवार को कलक्ट्रेट स्थित सभा में जिलाधिकारी सीपी त्रिपाठी और एसएसपी सुनील सक्सेना की मौजूदगी में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ चर्चा हुई। अधिकारियों को पूर्ण मुस्तैदी के साथ अपने अपने दायित्वों को अंजाम देने की हिदायत दी। जिलाधिकारी ने जिले की सीमा से कछला तक के क्षेत्र को जोन और सेक्टर में बांट कर पुलिस मजिस्ट्रेट और जिला स्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाए जाने के निर्देश दिए। कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों का चिह्नांकन कर कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराएं। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसलिए लोक निर्माण विभाग के अभियंता अपने-अपने क्षेत्र के मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार मरम्मत करादें। उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों को हिदायत दी है कि वह मार्गों की साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराएं।
इस अवसर पर सीडीओ प्रताप सिंह भदौरिया एडीएम प्रशासन अशोक कुमार श्रीवास्तव एडीएम वित्त एवं राजस्व राजेंद्र प्रसाद यादव नगर मजिस्ट्रेट अजय कुमार श्रीवास्तव सहित सभी पुलिस क्षेत्राधिकारी उप जिला मजिस्ट्रेट और अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
------
बिजली विभाग को खास निर्देश दिए
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अभियंताओं को हिदायत दी कि कांवड़ यात्रा के मुख्य मार्ग पर स्थित विद्युत लाइनों का भली भांति परीक्षण करा लेें। ताकि कोई करंट दुर्घटना न हो सके।
------
रोडवेज बस संचालकों को हिदायत
जिलाधिकारी ने रोडवेज के एआरएम को भी हिदायत दी है कि कांवड़ यात्रा के दौरान बस चालकों को निर्देशित कर दें कि स्पीड पर काबू रखें और नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन कतई न चलाएं।
------
एसएसपी बोले-डीजे संचालकों को बैठक में बुलाएं
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुनील सक्सेना ने आपराधिक तत्वों का चिह्नांकन कर कार्रवाई करने और थानों में शांति समिति की बैठक में डीजे संचालकों की बैठक करने के निर्देश दिए। पूरे माह कठोर परिश्रम कर कावड़ यात्रा को शंतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाएं न हों इसलिए मुख्य दिवसों शुक्रवार, शनिवार और रविवार को रोड डायवर्जन भी किया जाएगा। एसएसपी ने पुलिस और मजिस्ट्रेट को हिदायत दी कि चौबीस घंटे मुस्तैदी से ड्यूटी करें और विशेष तौर पर सांप्रदायिक दृृष्टि से संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखें। इस अवसर पर सीडीओ प्रताप सिंह भदौरिया एडीएम प्रशासन अशोक कुमार श्रीवास्तव एडीएम वित्त एवं राजस्व राजेंद्र प्रसाद यादव नगर मजिस्ट्रेट अजय कुमार श्रीवास्तव सहित सभी पुलिस क्षेत्राधिकारी उप जिला मजिस्ट्रेट और अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
------
16 को कछला घाट पर होगी बैठक
बदायूं। कछला घाट पर स्नान और जलाभिषेक के कारण एकत्र होने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को 16 जुलाई को प्रात: 11 बजे, 19 जुलाई को सांय पांच बजे कछला घाट पर पहुंचकर जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक व्यवस्थाओं की समीक्षा कर स्थलीय निरीक्षण करेंगे। सभी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस लाइंस में भी बैठक आयोजित की जाएगी। कछला से बदायूं सीमा में आने वाले मुख्य मार्ग क्षेत्र में आने वाले सभी ग्राम प्रधानों की संबंधित थानों में बैठक कर सहयोग की अपील की जाएगी।