कांवड़ यात्रा में डीजे पर पाबंदी के विरोध में अखिल भारत हिंदू महासभा ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट विजय बहादुर सिंह को सौंपा। हिंदू महासभा ने पुलिस-प्रशासन पर ओछी मानसिकता से काम करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि ऐसे आदेश अमन के लिए खतरा होंगे।
अखिल भारत हिंदू महासभा के कार्यकर्ता प्रदेश संयोजक मुकेश पटेल के नेतृत्व में मालवीय आवास पर एकत्र हुए। मुकेश पटेल ने कहा कि प्रदेश की सपा सरकार के इशारे पर पुलिस-प्रशासन समुदाय विशेष को खुश करने के लिए प्राचीन कांवड़ यात्रा में भक्तियम धुनों पर पाबंदी लगा रहा है। इस पाबंदी को कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तुगलकी फरमान से हिंदुओं में रोष है। ऐसे आदेश जारी कर पुलिस-प्रशासन सौहार्द बिगाडना चाहता है। बैठक के बाद कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को दिया।
इस मौके पर अजय प्रताप सिंह, लक्ष्मण राठौर, ओमशंकर, अर्जुन कश्यप, अजय प्रताप, सूरजपाल, पंकज कश्यप, विजय सिंह, आशू राठौर, मुनीश कुमार सिंह, माया देवी, उमेश पटेल, राकेश बाबू, रामधुन, संकेत वर्मा, रामविलास, सुधीर कुमार, संजय कश्यप, महेश वर्मा, करन कश्यप, वीरेंद्रपाल, सूर्यपाल, तापस सक्सेना, भुवनेश, मुकेश कश्यप, राजपाल फौजी आदि रहे।
एसओ ने डीजे संचालकों को हिदायत दी
उघैती। एसओ वहीद खान ने कस्बे के सभी डीजे संचालकों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी को जिला प्रशासन का फरमान सुनाया। एसओ ने कहा कि इस बार बगैर अनुमति के सावन में डीजे नहीं बजेंगे। अगर कोई कानून का उल्लघंन करेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी डीजे संचालकों से उनकी सहमति लेते हुए हस्ताक्षर भी कराए। इस आदेश के बाद कांवड़ ले जाने वालों में रोष है। उनका कहना है कि हर साल सावन में भगवान शिव के भजन बजाए जाते हैं। भक्त इन्हीं गीतों पर नाचते-गाते गंगा से जल लाकर चढ़ाते हैं। खासकर युवा कांवड़ियों ने इस आदेश पर नाराजगी जताई है।
खुराफाती तत्वों पर रखें नजर
कुंवरगांव। एसओ मेराज अली की अध्यक्षता में थाने में पीस कमेटी की बैठक हुई। बैठक में इलाके के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। एसओ ने कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। खुराफाती तत्वों पर सभी लोग नजर रखें। ऐसे लोगों के बारे में पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा शुरू हो रही है। खुराफाती तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा।
बैठक में महेश मुखिया, लालू, रामप्रकाश, वाजिद, मोहम्मद नवी, मोहन लाल, दुर्गपाल, अयोध्या प्रसाद, अवीश गुप्ता, कल्लू, लकी, शैलेंद्र, पप्पू,पंकज गुप्ता आदि मौजूद रहे।