रविवार को पूरे दिन बरेली-मथुरा हाईवे बम-बम भोले से गूंजता रहा। कछला से जल भरकर निकले कांवड़ियों ने धमाल भी मचाया। कलाकारों के साथ शिवभक्त भी झूम उठे। सावन के तीसरे सोमवार को जलाभिषेक को निकले कांवड़ियों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। गंगाघाट पर देर रात तक कांवड़ भरने का सिलसिला चला। शिवभक्तों की वजह से हाईवे पर कांवड़ के सिवाय कुछ और नजर नहीं आया। शिवभक्तों की टोलियों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर सवार कलाकारों से डीजे साउंड सिस्टम की धुन पर नृत्य किया।
कांवड़ियों की टोली में शाहजहांपुर, बरेली और पीलीभीत के शिवभक्तों की संख्या भी खासी रही। दूर से पहुंचे कांवड़ियों की समाजसेवियों ने अस्थाई विश्रामगृह बनाकर जलपान कराया। बरेली की टोली में शामिल अनिल ने बताया कि सावन के अंतिम सोमवार को वह लखीमपुर के गोला गोकर्णनाथ मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। शाहजहांपुर के कलान क्षेत्र में पटना देवकली के शिवमंदिर में जलाभिषेक के लिए भी कछला से शिवभक्तों की कई टोलियां निकलीं।