अतिसंवेदनशील की श्रेणी में आ चुके ककराला के नगर पालिका केंद्र पर डीआईओएस ने और ज्यादा सख्ती बढ़ा दी है। लगातार दो दिन तक नकलची पकड़े जाने को देखते हुए केंद्र पर अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक बढ़ा दिया गया है। इसमें जीजीआईसी की प्रवक्ता को भेजा गया है।
गौरतलब है कि केंद्र व्यवस्थापक निर्धारण करते वक्त राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की प्रवक्ता नूतन रानी को शहर के केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज में केंद्र व्यवस्थापक बनाकर भेजा गया था, लेकिन मेडिकल अवकाश पर होने के कारण उनकी जगह राजकीय हाईस्कूल मंशानगला की सहायक अध्यापिका पूनम को केंद्र व्यवस्थापक बना दिया गया था। अब चूंकि प्रवक्ता नूतन रानी मेडिकल से वापस आ गई हैं। लिहाजा उन्हें ककराला के नगर पालिका इंटर कॉलेज केंद्र पर अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक का भार दिया गया है। इसके पीछे एक कारण ककराला केंद्र पर लगातार दो नकलची पकड़े जाना भी माना जा रहा है। विभागीय जानकार बताते हैं कि ककराला का केंद्र संवेदनशील की श्रेणी में आता था परंतु उसकी स्थिति अतिसंवेदनशील केंद्र जैसी होती जा रही है। लिहाजा इसे देखते हुए सख्ती बरती गई है। डीआईओएस वीना यादव ने बताया कि केंद्र पर परीक्षा देने वाली छात्राओं की संख्या अधिक है। इसे देखते हुए केंद्र पर अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक के तौर पर राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बदायूं की नूतन रानी को भेजा गया है।
चूरामन केंद्र पर बदला जाएगा केंद्र व्यवस्थापक
बदायूं। डीआईओएस वीना यादव ने बताया कि उनके पास एसडीएम बिल्सी विधान जायसवाल की संस्तुति आख्या मिल चुकी है। इसके आधार पर पहले चूरामन मेमोरियल विकलांग इंटर कॉलेज नागरझूना पर केंद्र व्यवस्थापक को बदलने की कार्रवाई की जाएगी। बताया कि अवकाश होने के कारण कोई गतिविधि नहीं बढ़ाई गई। सोमवार को व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने सचल दल को सख्ती बरतने का आदेश दिया है।