मिनी कुंभ मेला ककोड़ा के लिए अस्थाई सड़क बनाने में जुटे श्रमिक। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। रुहेलखंड के मिनी कुंभ ककोड़ा मेला क्षेत्र को चार जोर और सात सेक्टर में बांटा गया है। डीएम दीपा रंजन ने बुधवार को मेला आयोजन के संबंध में बैठक के दौरान अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। कहा कि मेला जाने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली का इस्तेमाल न करें। एआरटीओ को इसको लेकर लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए।
गंगा तट पर मेला ककोड़ा का आयोजन एक से 15 नवंबर तक होना है। एक नवंबर को झंडी पूजन के साथ मेला की औपचारिक शुरुआत हो जाएगी। सात नवंबर को मेला का उद्घाटन और आठ नवंबर को मुख्य स्नान होगा। मिनी कुंभ के आयोजन को लेकर डीएम दीपा रंजन ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की मेला में ड्यूटी हो उनको पहचन पत्र दिए जाएं।
एएमए जिला पंचायत मनोज कुमार को निर्देश दिए कि सभी तैयारियों को समय से पूरा कर लिय जाए। मेला में वॉच टावर और ड्रोन से निगरानी की जाए। प्रकाश के लिए हाईमास्क लाइट लगाए जाएं। नाविकों और गोताखोरों के मोबाइल नंबर स्नान घाट पर अंकित किए जाएं। मेला में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहे। कंट्रोल रूम बनाने के साथ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। मेला स्थल पर पर्याप्त हैंडपंपों के साथ पीने के पानी के टैंकरों की व्यवस्था भी की जाए।
सीएमओ डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय को मेला स्थल पर पर्याप्त चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ ऋषिराज, एसएसपी ओपी सिंह, एडीएम संतोष कुमार वैश्य, विजय कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट ब्रजेश सिंह समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।