बदायूं। खनन माफिया से रुपये लेने का ऑडियो वायरल होने के बाद एसएसपी ने कादरचौक थाने में तैनात चालक को लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही विभागीय जांच सीओ सिटी को सौंपी है।
कादरचौक में खनन का धंधा लंबे समय से चला आ रहा है। पुलिस की भी इसमें मिलीभगत रहती है। बताया जा रहा है कि खनन वालों से वसूली का काम थाने का जीप चालक मुकेश सोलंकी कर रहा था। उसने वसूली के लिए प्राइवेट लोग भी लगा रखे थे। बुधवार शाम चालक और खनन माफिया का ऑडियो वायरल हो गया। इसमें धन उगाही की बात सामने आई।
वायरल ऑडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह ने चालक को लाइन हाजिर कर दिया। वहीं विभागीय जांच सीओ सिटी संजीव कुमार को सौंप दी है। जांच में दोषी पाए जाने पर चालक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
रात में करता था खनन माफिया की मदद
चालक दिन में सरकारी गाड़ी चलाता था, रात में खनन माफिया के सहयोग में लग जाता था। इसके बदले उसे रोजाना चार से पांच हजार रुपये मिलते थे। यह धंधा महीनों से चला आ रहा था। इसका खुलासा तब हुआ जब रुपये उगाही करके देने वाले दो लोगों में विवाद के बाद बहस हो गई। एक व्यक्ति ने चालक और भूमाफिया के बीच हो रही बात का ऑडियो सोशलमीडिया पर वायरल कर दिया।
थाना कादरचौक के चालक मुकेश सोलंकी को लाइन हाजिर किया गया है। इसकी विभागीय जांच सीओ सिटी संजीव कुमार को सौंपी गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। -डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह, एसएसपी