हाईटेक चोरों के आगे पुलिस लाचार होती दिख रही है। सोमवार की रात चोरों ने थाना ईसानगर के पीलीभीत-बस्ती हाईवे के प्रमुख सिसैया चौराहा पर स्थित एक सराफ की दुकान की छत और दीवार छेनी-हथौड़े से काट डाली और दुकान में घुस गए। तिजोरी तोड़कर चोर उसमें रखे 40 हजार रुपये और करीब साढ़े पांच लाख का सोना-चांदी ले गए। घटना के बाद से व्यापारियों में दहशत है। सूचना पर सीओ के साथ पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली धौरहरा के गांव सिसैया निवासी सियाराम रस्तोगी की धौरहरा रोड पर ही ईसानगर थाना क्षेत्र में स्थित सिसैया चौराहा पर सराफ की दुकान है। सोमवार की रात चोरों ने दुकान की छत और दीवार लोहे की छेनी-हथौड़ी से काटकर दी। दुकान के अंदर घुसे चोर तिजोरी काटकर उसमें रखा 80 ग्राम सोना, पांच किलोग्राम चांदी और 40 हजार रुपये चुराकर ले गए। मंगलवार की सुबह दुकान मालिक जब रोज की तरह सुबह करीब सात आठ बजे दुकान पहुंचा तो देखा कि दुकान की छत और दीवार कटी थी। तिजोरी टूटी खाली पड़ी थी। यह देख उसके होश उड़ गए। उधर, चोरी की सूचना से चौराहा के दुकानदारों में दहशत फैल गई। बड़ी संख्या में व्यापारियों की भीड़ मौके पर पहुंच गई। सूचना पर सीओ निष्ठा उपाध्याय ने ईसानगर पुलिस के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया। मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट टीम के एक्सपर्ट ने मौके से साक्ष्य जुटाए। एसओ ईसानगर प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
एक साल पहले भी हो चुकी है चोरी
धौरहरा। सिसैया निवासी सियाराम रस्तोगी की सराफ की दुकान में चोरी की यह पहली वारदात नहीं है। इससे एक साल पहले भी चोर उनकी दुकान से करीब आठ लाख रुपये का सोना-चांदी चुरा ले जा चुके हैं। पुलिस इस घटना का अब तक खुलासा नहीं कर सकी है।
गुस्साए व्यापारियों ने दोपहर तक बंद रखीं दुकानें
धौरहरा। पुलिस गस्त पर सवालिया निशान लगाते हुए सिसैया चौराहा के दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई। मौके पर पहुंची सीओ निष्ठा उपाध्याय ने व्यापारियों से बातचीत की और गश्त व्यवस्था तेज करने के साथ घटना का शीघ्र खुलासा करने का आश्वासन दिया। तब जाकर व्यापारी शांत हुए और दोपहर बाद दुकानें खोलीं।