बदायूं। जिले के अधिकांश स्थानों पर शनिवार को भी जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और भक्ति के भाव के साथ मनाया गया। आधी रात में जब कन्हैया का जन्म हुआ तो मंदिरों में घंटा घड़ियाल गूंज उठे। पूरे दिन लोगों ने उपवास रखकर भगवान की आराधना की और शाम को भोग लगाकर प्रसाद बांटा। इस दौरान मंदिरों में विशेष व्यवस्था की गई। लोगों ने कान्हा के दर्शन कर पुण्यलाभ कमाया। कई स्थानों पर मटकी फोड़ प्रतियोगिताएं भी हुईं। शुक्रवार देर रात जन्माष्टमी के मौके पर पुलिस माडर्न स्कूल में पुलिस विभाग की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए, जिसमें एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी, एसपी सिटी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, एसपीआरए डॉ. सुरेंद्र प्रताप सिंह, सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह राठौर समेत तमाम अधिकारी व पुलिस कर्मी मौजूद रहे। युवा मंच संगठन के द्वारा रजी चौक पर मटकी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमे मुख्य अतिथि विष्णुदेव चाणक्य एवं शिवस्वरूप गुप्ता ने टीम के कान्हा को सम्मान पट्टिका बांधी। ध्रुव देव गुप्ता, आशीष शर्मा, देवध्वनि गुप्ता, पवन शंखधार, ऋतुराज खुसारिया आदि मौजूद रहे। बीआरबी मॉडल स्कूल में जन्माष्टमी के मौके पर झांकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। निर्णायक मंडल द्वारा पीस सदन को विजेता घोषित किया गया, जबकि होप सदन द्वितीय तथा यूनिटी व फेथ सदन तृतीय स्थान पर रहे। द्रोपदी देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज व शिवदेवी सरस्वती शिशु मंदिर में भी जन्माष्टमी के मौके पर कई प्रतियोगिताएं कराई गईं, जिनमें बच्चों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया।
उझानी। अब्दुल्लागंज गांव में दोपहर में शोभायात्रा निकाली गई। बुटला दौलत में जन्माष्टमी मेला लगाया गया।
बिल्सी। शिव शक्ति भवन मंदिर, मां दुर्गा मंदिर, बांके बिहारी मंदिर, कुटीर मंदिर, देववाणी, हनुमान गढ़ी एवं मनकामेशवर महाराज मंदिर पर विशेष सजावट की गई। गोविंद मठ एवं नगर के कछला रोड पर स्थित रैदास महाराज के मंदिर पर भक्तों ने मां वैष्णो देवी की विशाल गुफा तैयार की, जिसे देखने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी।
बिसौली। मोहल्ला गदरपुरा, होलीचौक, मेन चौराहा, बुधबाजार आदि स्थानों पर आकर्षक झांकियां लगायी गईं।
रुदायन। कस्बे के ब्रह्मचारी वाला मंदिर, दुर्गादेवी मंदिर, राधाकृष्ण मंदिर में जन्माष्टमी के मौके पर भक्तों की भीड़ सुबह से जुटी रही।
उसावां। मनकामेश्वर मंदिर, सती माता मंदिर, दुर्गा माता मंदिर आदि मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया।
अलापुर। मंदिरों में सुबह से ही झांकियों के दर्शन के लिए लोग उमड़े। बजरिया मोहल्ले के मठिया देवी मंदिर पर बरेली से आये कलाकारों ने कई कार्यक्रम प्रस्तुत किये और मटकी फोड़ का भी आयोजन किया।
उसहैत। हनुमान मंदिर पर चल रहे तीन दिवसीय मेले में भगवान श्री कृष्ण की जयंती शोभायात्रा निकाली गई जो हनुमान मंदिर से शुरू होकर कस्बे के विभिन्न मार्गों पर घूमी।