शहर में बड़ा बाजार में पोशाक की खरीदारी करते ग्राहक। संवाद
बदायूं। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शुक्रवार को है। पर्व की पूर्व संध्या पर दिनभर बाजार में रौनक दिखी। सुबह से शाम तक बाजार में लोगों की भीड़ उमड़ी रही। लोग कान्हा की पोशाक, मुकुट, बांसुरी, झूला और उपवास का सामान खरीदते नजर आए।
जन्माष्टमी के लिए शहर के मुख्य बाजार के साथ गली-मोहल्लों की दुकानों पर भी पूजन सामग्री की दुकानें सजीं। दुकानों पर लड्डू गोपाल के रंग-बिरंगे वस्त्र, मोर पंख वाले मुकुट, माला, झूले और शृंगार के सामान की खूब बिक्री हुई। इसके अलावा फल, मेवा, मिश्री, मक्खन और उपवास में उपयोग होने वाले सामान की भी जमकर खरीददारी हुई।
दुकानदारों के अनुसार, इस बार कान्हा के नए डिजाइन के कपड़ों और झूलों की मांग ज्यादा रही। कपड़ों की दुकानों पर लोग अपने बच्चों के लिए कृष्ण वेशभूषा की खरीदारी करते हुए नजर आए। महिलाओं ने घरों में झांकी सजाने के लिए सजावटी सामान भी खरीदा। दिनभर रुक-रुककर हुई बारिश के बावजूद बाजार में उत्साह कम नहीं हुआ। शाम होते-होते भीड़ और बढ़ गई। लोगों का कहना है कि जन्माष्टमी को लेकर हर साल बाजार में ऐसा ही उत्साह देखने को मिलता है।
शहर में बड़ा बाजार में पोशाक की खरीदारी करते ग्राहक। संवाद