दातागंज में लगे जाम में फंसे वाहन। संवाद
दातागंज। भैयादूज के मौके पर कस्बे में भीषण जाम लग गया। पापड़ के ब्रह्मदेव मंदिर से बेलाडांडी रोड तक वाहनों की लाइन लगी रही। कई घंटे तक वाहन जाम में फंसे रहे। बाद में रेंगते हुए निकलने शुरू हुए। शाम के वक्त वाहनों का दबाव कम हुआ तो जाम से मुक्ति मिल सकी।
कस्बे के अरेला मोहल्ले में बेलाडांडी रोड सबसे व्यस्त मार्ग है। इस मोहल्ले में पिछले माह अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था। करीब एक सप्ताह तक मोहल्ले में जेसीबी गरजती रहीं। करीब तीन सौ दुकानें तोड़ी गईं। कई मकान भी गिराए गए। तब कहीं बेलाडांडी रोड से अतिक्रमण हटाया जा सका।
बुधवार को भैयादूज पर बेलाडांडी रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ा तो करीब 11 बजे दातागंज कस्बे में पापड़ ब्रह्मदेव मंदिर से लेकर डहरपुर तक जाम लग गया। इधर, अरेला मोहल्ले में पूरा बेलाडांडी मार्ग जाम हो गया। बताते हैं कि कई घंटे तक वाहन जाम में फंसे रहे। इसकी सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंच गई। जगह-जगह पुलिस कर्मियों को लगा दिया गया लेकिन दोपहर बाद तक जाम नहीं खुला। सभी वाहन धीरे-धीरे रेंगते रहे।
इस दौरान पुलिस ने बदायूं की ओर से आने वाले वाहनों को बुध बाजार रोड से मोड़ दिया। शाम को वाहनों की संख्या भी कम हो गई, जिससे जाम खुल सका। इस दौरान वाहन सवार लोगों को कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा।