काबलियत है तो कामयाबी भी कदम चूमती है। यह बात स्निग्धा साबित कर चुकी हैं। अपने हुनर के दम पर उन्होंने अपने शोध कार्य को सिर्फ यहीं नहीं बल्कि विदेशों में भी प्रस्तुत किया। जहां उनकी सराहना की गई।
जी हां, शहर निवासी गौरव सक्सेना की पत्नी स्निग्धा राय वर्तमान में दयालबाग यूनिवर्सिटी आगरा से एसआरएफ के रूप में भौतिक विज्ञान में शोध कार्य कर रही हैं। शुरू से मेधावी रहीं स्निग्धा की काबलियत को देखते हुए उन्हें मैटीरियल रिसर्च सोसाइटी की ओर से आमंत्रित किया गया। जहां उन्होंने बोस्टन में अपना शोध प्रस्तुत किया। इतना ही नहीं एरिजोना स्टेट यूनिवर्सिटी और मेरीलैंड यूनिवर्सिटी में हुए सेमीनार में भी उन्होंने अपना शोध कार्य प्रस्तुत किया। जहां उनकी सराहना भी की गई। स्निग्धा ने बताया कि वह अपना शोध कार्य पूरा कर रही हैं। बताया कि उन्हें एमएससी और एमफिल में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर दयालबाग यूनिवर्सिटी के प्रेसीडेंट के हाथों गोल्ड मेडल देकर सम्मानित भी किया जा चुका है। फिलहाल उनका लक्ष्य शोध कार्य में सफलता अर्जित करना है। जिसके लिए वह प्रयासरत हैं। बता दें कि स्निग्धा शस्त्र विक्रेता सुनील वर्मा तथा अर्चना वर्मा की पुत्री हैं।