बदायूं। एनेस्थीसिया के डॉक्टर के नाम पर अवैध वसूली की शिकायत पर सीएमएस ने जांच बैठा दी है। जांच के बाद ही कर्मचारियों पर कार्रवाई की बात जिम्मेदार कह रहे हैं।
महिला अस्पताल में अवैध वसूली के मामले की खबर प्रमुखता से प्रकाशित हुई तो सीएमएस ने मामले में जांच बैठा दी। प्रसूता के पति ने आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी को प्रसव पीड़ा हो रही थी। इस पर उसे महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पहले तो रुपये न देने पर इलाज नहीं किया, बाद में ऑपरेशन की बात कही गई।
डॉक्टर ने बताया कि नशे का इंजेक्शन लगाने वाले जो डाॅक्टर आते हैं उनको रुपये देने होते हैं। दस हजार की मांग की गई। बाद में 6300 रुपये लेकर ऑपरेशन कर दिया गया। इस पूरे मामले की जांच शुरू हुई है। प्रसव वाले दिन ड्यूटी पर रहीं डॉक्टर से पूछताछ की गई है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई हो सकेगी।
वीडियो के आधार पर मामले की जांच खुद कर रही हूं। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. इंदुकांत वर्मा, सीएमएस, महिला अस्पताल