बदायूं। आईटीआई करने के लिए युवाओं की पहली पसंद फिटर और इलेक्टि्रशियन ट्रेड है। इसमें से सबसे अधिक आवेदन आए हैं। जनपद की छह राजकीय आईटीआई में इन दोनों ट्रेड के लिए 4381 आवेदन आए हैं। इसके अलावा महिलाओं से जुड़ी ट्रेड सिलाई, ड्रेस मेकिंग में आवेदन कम आए हैं। इनमें 33 आवेदन ही आए हैं। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि रविवार है।
युवाओं का प्रवेश मेरिट सूची के आधार पर लिया जाएगा। वेबसाइट पर 12 मई से ऑनलाइन आवेदन शुरू हुआ था। शनिवार काे शाम तक 18 ट्रेडों के लिए जिले की छह राजकीय आईटीआई की कुल 2400 सीटों पर 6259 आवेदन आ चुके हैं। अन्य ट्रेड जैसे कंप्यूटर ऑपरेटर, मैकेनिक, रेफ्रिजरेशन एंड एसी एक्सपर्ट, प्लंबर, वेल्डर, मशीनिस्ट, टर्नर, स्टेनोग्राफर, मैकेनिक सीईए, टीपीईएस, स्टेनोग्राफर, एमसीईए के लिए 1877 आवेदन आए हैं।
पहले अंतिम तिथि पांच जून रखी गई थी। कम आवेदन होने पर उसे बढ़ाकर 22 जून कर दिया गया। विद्यार्थियों ने परंपरागत ट्रेडों के अलावा टाटा टेक्नोलॉजी के सहयोग से गत वर्ष शुरू किए मैन्यूफैक्चरिंग प्रोसेस कंट्रोल एंड ऑटोमेशन के लिए भी इस बार आवेदन किए हैं। इसमें फिटर और इलेक्टि्रशियन आदि की ज्यादा मांग है। जबकि वेल्डर, प्लंबर, वॉयरमैन में विद्यार्थियों की रुचि कम दिखाई है। आईटीआई के प्रधानाचार्य एसके वाष्र्णेय ने बताया कि मेरिट आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।