बीएसए पीसी यादव ने शनिवार को जगत और कादरचौक क्षेत्र के छह स्कूलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय नदारद मिले कई शिक्षक और अनुदेशकों का वेतन और मानदेय रोकने के आदेश जारी किए हैं। शैक्षिक गुणवत्ता खराब मिलने पर एक दर्जन से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं का अग्रिम आदेश तक वेतन रोका है। एमडीएम के अभिलेख में बच्चों की संख्या अधिक दर्शाने पर एक प्रधानाध्यापक की वेतन वृद्धि रोकने के आदेश दिए हैं। जिला समन्वयक एमडीएम को जांच भी सौंपी है।
बीएसए ने सबसे पहले विकासखंड जगत क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सिमरिया का निरीक्षण किया। पंजीकृत 232 बच्चों में मात्र 30 उपस्थित पाए गए। मैन्यू के अनुसार एमडीएम नहीं बना था। शैक्षिक गुणवत्ता भी शून्य थी। 30 बच्चों की उपस्थिति के बाद रजिस्ट्रर में 127 दर्शाए थे। इस आरोप में प्रधानाध्यापिका सीमा गंगवार की वेतन वृद्धि रोकी गई है। साथ ही इस मामले की जांच एमडीएम सेल की जिला समन्वयक हिना खान को दी गई है। इसके बार रिकबरी होगी। शैक्षिक गुणवत्ता खराब पाए जाने पर शिक्षिका दीपिका कश्यप और भावना मौर्य का अग्रिम आदेश तक वेतन रोका गया है। उच्च प्राथमिक विद्यालय उपरैला में पंजीकृत 182 में सिर्फ 18 बच्चे उपस्थित थे। शैक्षिक गुणवत्ता शून्य पाए जाने पर शिक्षक जुनैद, मोहम्मद शाहिद, मोहम्मद असलम, शीला राजपूत तथा अनुदेशक अमित वर्मा, दीप्ति वर्मा, वंदना का शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार होने तक वेतन और मानदेय पर रोक लगा दी है। साथ ही बीईओ जगत को विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक को इंचार्ज बनाने के निर्देश दिए हैं।
प्राथमिक विद्यालय कटिन्ना विकासखंड कादरचौक में भी कई कमियां मिलने पर नाराजगी जताई,जबकि यहीं के उच्च प्राथमिक विद्यालय में छह शिक्षकों के होने के बाद भी शैक्षिक गुणवत्ता शून्य पाए जाने और पंजीकृत 187 बच्चों में मात्र 11 बच्चों के उपस्थित होने के बाद उन्हें एक ही कक्षा में बैठाए जाने पर पूरे स्टाफ का वेतन रोका गया है। उच्च प्राथमिक विद्यालय गौरामई में पंजीकृत 142 के सापेक्ष एक भी बच्चा नहीं मिला। प्रधानाध्यापक सोहिज आजम की वेतन वृद्धि रोकने के आदेश दिए हैं। अनुपस्थित शिक्षक धर्मप्रिय, रविकुमार और अनुदेशक आयुषिका का एक दिन का वेतन-मानदेय रोका है। उच्च प्राथमिक विद्यालय पसेई अनुपस्थित अनुदेशक विमल कुमार का एक दिन का मानदेय काटा है।
गैरहाजिर चल रही शिक्षिका की सेवा समाप्ति की संस्तुति
बदायूं। बीईओ दहगंवा विजय कुमार को प्राथमिक विद्यालय शेखूपुरा में निरीक्षण के समय शिक्षिका अलका सिंह बिना किसी पूर्व सूचना के लगातार अनुपस्थित मिलीं। उनकी सेवा समाप्ति की संस्तुति की गई है। जरीफनगर के प्राथमिक और उच्च पूर्व माध्यमिक स्कूल में बच्चों की संख्या कम मिलने पर नाराजगी जताते हुए स्थिति में सुधार लाने के प्रधानाध्यापक को निर्देश दिए।
बदायूं के बा स्कूल में की कार्रवाई
बदायूं। बीएसए पीसी यादव ने शहर के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय स्कूल पर भी छापा मारा। इस दौरान फुट टाइम टीचर दीपा सक्सेना, दिव्या मिश्रा, प्रतिष्ठा शर्मा दो-दो दिन, पार्ट टाइम टीचर विजय मिश्रा, संजीव कुमार एक-एक दिन से अनुस्थित थे,जबकि लेखाकार अनुराधा, रसोइया तुलली देवी,मनोरमा देवी, चपरासी दो-दो दिन से अनुपस्थित थे। वार्डन उपासना सिंह ने किसी की पंजिका में अनुस्थिति अंकित नहीं की थी। इस पर उनसे 13 जुलाई तक स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं नदारद मिले शिक्षक और कर्मचारियों का अनुस्थित दिनों का मानदेय काटने के आदेश जारी किए हैं।