उपजिलाधिकारी दातागंज धर्मेंद्र कुमार सिंह को गणना प्रपत्र सौंपा गया। स्रोत प्रशासन
- फोटो : ramban news
बदायूं। लापरवाह बीएलओ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश एसडीएम सदर ने दिए हैं। इससे पहले उसको नाेटिस के साथ ही मानदेय रोकने की भी कार्रवाई हो चुकी है। इसके बाद भी उसने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य शुरू नहीं किया।
लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ एसडीएम सदर मोहित कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने विधानसभा शेखूपुर के प्राथमिक विद्यालय सढोमई (मजरा अलापुर) पर तैनात बीएलओ अशोक कुमार की ओर से चुनाव कार्य प्रारंभ न किए जाने पर कठोर कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
एसडीएम सदर ने बताया कि बीएलओ को पहले नोटिस के माध्यम से कार्य प्रारंभ करने के लिए निर्देशित किया गया था। इसके बाद भी कार्य न करने पर आठ नवंबर को फिर नोटिस जारी किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह को उनके मानदेय रोकने और तत्काल कार्य आरंभ कराने के निर्देश दिए गए। इसके बावजूद नौ नवंबर तक संबंधित बीएलओ ने कोई कार्य प्रारंभ नहीं किया। इस पर उच्च अधिकारियों ने गंभीर नाराजगी व्यक्त की है।
इसके बाद एसडीएम सदर ने बीएलओ अशोक कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चुनाव कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता का कार्य है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में ऐसे किसी भी कर्मचारी/अधिकारी की ओर से चुनाव दायित्वों की अवहेलना की, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
फोटो 22
मतदाताओं से बीएलओ को प्रपत्र जमा कराने की अपील
बदायूं। दातागंज विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत रविवार को क्षेत्रीय विधायक राजीव कुमार सिंह और उपजिलाधिकारी दातागंज धर्मेंद्र कुमार सिंह को गणना प्रपत्र सौंपे गए। विधानसभा क्षेत्र में कुल 4,18,699 मतदाता पंजीकृत हैं। इनके बीच चार नवंबर से ईएफ फॉर्म का वितरण शुरू कर दिया गया है। इन फॉर्मों को मतदाताओं को भरकर अपने-अपने बीएलओ के पास जमा कराना होगा। जिन मतदाताओं का नाम 2003 की मतदाता सूची में दर्ज है, उन्हें किसी भी प्रकार का प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं होगी। मतदाता स्वयं भी आयोग की वेबसाइट पर जाकर 2003 की मतदाता सूची में अपना नाम सत्यापित कर सकते हैं। अभियान के दौरान मौजूद बीएलओ और सुपरवाइजरों ने एसआईआर प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। संवाद