बारिश के साथ तेज हवाओं ने गेहूं की खड़ी फसल को अधिक नुकसान पहुंचाया है। इससे गेहूं का उत्पादन बहुत कम होने का अनुमान है। कई गांवों के किसान फसल चौपट होेने से परेशान हैं।
चिरवारी के रहने वाले महीपाल सिंह यादव कहते हैं कि तेज हवा के चलने और बारिश से खड़ी फसल गिर चुकी है। इससे उत्पादन पिछली वर्ष की अपेक्षा आधे से कम हुआ है।
चिरवारी के ही रामदास यादव ने बताया गेहूं की खड़ी फसल के गिरने से अब खेतों में एक से लेकर डेढ़ क्विंटल के हिसाब से गेहूं निकलने के कारण लागत भी किसान के हाथ नहीं लग पा रही है।
कादराबाद नगलिया के किसान अनोखेलाल सिंह ने बताया फसल के गिरने से पिछली वर्ष गेहूं की वाली में 60 दाने से अधिक निकलते थे। मगर अब एक वाली में 30 दाने होने के साथ पतले भी निकल रहे हैं। इससे उत्पादन आधे से भी कम हो गया है।
नगलिया के रहने वाले किसान रोहतास सिंह ने बताया जिस समय फसल में दाना पड़ रहा था, उसी समय तेज बारिश के होने के साथ हवाएं चलने से फसल को अधिक नुकसान हुआ।
मुख्यमंत्री से मदद दिलाने को भेजे कागज
गुन्नौर के उपजिलाधिकारी रामअरज यादव ने बताया तहसील में फसल का सर्वे कराया गया है। इसमें मृतक किसान राजपाल की खड़ी फसल में डेढ़ बीघा भूमि का 40 प्रतिशत ही नुकसान देखने मिला। मृतक किसान के परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से धन दिलाने के लिए कागज तैयार कर डीएम ने शासन को भेज दिए हैं। इसी के साथ उसका बीपीएल कार्ड बनाने के साथ राशन डीलर महीपाल से एक क्विंटल गेहूं और 50 किलो चावल दिलाया गया है। पारिवारिक लाभ के लिए कागज तैयार कर लिए गए हैं।