बदायूं। यूपी बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने जिला स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले में बनाए गए पांच निरीक्षण दलों ने सोमवार तक सभी 308 विद्यालयों का निरीक्षण कार्य पूरा कर लिया है। इन निरीक्षण टीमों का नेतृत्व संबंधित क्षेत्रों के एसडीएम कर रहे थे।
डीएम अवनीश राय के निर्देश पर टीम ने स्कूलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीमों ने स्कूलों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, सीसी कैमरों की स्थिति, बिजली व जनरेटर की व्यवस्था, प्रश्नपत्रों व उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित रखने के इंतजाम, परीक्षा कक्षों की क्षमता, बैठने की सुविधा, नकल रोकने के लिए अपनाए जाने वाले उपायों का विस्तार से मूल्यांकन किया।
कई स्थानों पर टीमों ने प्रधानाचार्यों से जानकारी लेकर व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश भी दिए। निरीक्षण का कार्य पूर्ण होने के बाद अब सभी टीमों द्वारा तैयार की गई आख्या (निरीक्षण रिपोर्ट) जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) को भेजी जा रही है। डीआईओएस लालजी यादव ने बताया कि इन रिपोर्टों का बारीकी से अध्ययन किया जाएगा। इसके आधार पर केंद्रों का निर्धारण किया जाएगा। जिन विद्यालयों की व्यवस्थाएं संतोषजनक होंगी। उन्हें प्राथमिकता के आधार पर परीक्षा केंद्र बनाया जा सकता है। वहीं जिन विद्यालयों में खामियां पाई गईं हैं, वहां सुधार के निर्देश दिए जाएंगे या उन्हें केंद्र सूची से बाहर भी किया जा सकता है।