बदायूं। डीएम कुमार प्रशांत ने निर्देश पर जिलास्तरीय अधिकारियों ने शहर में स्थित कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। यहां पर तमाम अधिकारी और कर्मचारी अपनी सीटों से नदारद मिले। निरीक्षण अधिकारियों ने गैर हाजिर रहे अधिकारी, कर्मचारियों की रिपोर्ट तैयार कर डीएम को सौंपी है। डीएम ने गैरहाजिर मिले पांच अधिकारियों समेत 115 कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोका है, साथ ही स्पष्टीकरण मांगा है।
गुरुवार को डीएम केे निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार और तहसीलदार सदर रामनयन ने पावर कारपोरेशन विभाग, लोक निर्माण विभाग, कृषि विभाग, डीआईओएस, डीएफओ कार्यालय में छापा मारा। इस दौरान लोक निर्माण विभाग में प्रांतीय खंड में अधिशासी अभियंता अमर सिंह, सहायक अभियंता हितेंद्र सिंह यादव, सहायक अभियंता गिरीश कुमार सिंह समेत 26 कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जबकि लोक निर्माण विभाग में निर्माण खंड प्रथम में प्रधान सहायक काली चरन सागर, प्रधान सहायक दयाशंकर समेत आठ कर्मचारी गैरहाजिर मिले। लोक निर्माण विभाग के द्वितीय खंड के अधिशासी अभियंता हेमंत सिंह, सहायक अभिंयता सुरेंद्र कुमार शर्मा, सहायक अभियंता अतुल कुमार अग्रवाल समेत 17 कर्मचारी गैरहाजिर मिले। इधर पावर कॉरपोरेशन में अधीक्षण अभियंता कार्यालय में दीपा सक्सेना समेत छह कर्मचारी अनुपस्थित थे। जबकि पावर कॉरपोरेशन के विद्युत वितरण खंड प्रथम में एक्सईएन योगेंद्र सिंह राघव समेत 24 कर्मचारी और विद्युत वितरण खंड द्वितीय में एक्सईएन सत्येंद्र कुमार समेत 28 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। वहीं कृषि विभाग, डीआईओएस, डीएफओ कार्यालय में छह कर्मचारी अनुपस्थित मिले। गैर हाजिर सभी के वेतन रोकने की संस्तुति की गई है। साथ ही स्पष्टीकरण भी मांगा है।