बदायूं। दातागंज से बदायूं आ रही एक प्राइवेट बस बुधवार को डहरपुर-सिमरिया मार्ग पर अनियंत्रित होकर पानी से भरी खंती में पलट गई थी। इस हादसे में जहां एक वृद्धा की मौत हो गई थी वहीं 11 लोग घायल हुए थे।घायलों में 20 दिन के मासूम बच्चे की भी रात में अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया है। जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।
सीओ दातागंज केके तिवारी ने बताया जो बस हादसे का शिकार हुई थी उसके चालक शमीम निवासी परौड़ा जिला शाहजहांपुर के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। सीओ ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जो भी इस मामले में दोषी मिलेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सीओ ने बताया चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस वैध मिला है।
-
बस का परमिट निरस्त
दातागंज इलाके में जो बस हादसे का शिकार हुई थी उसका परमिट निरस्त कर दिया गया है। इस मामले की जांच की जा रही है। जो भी दोषी मिलेगा उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। - अंबरीश कुमार, एआरटीओ प्रवर्तन