उझानी। चार दिन पहले प्रेम-प्रसंग में युवक की घर से ले जाकर बेरहमी से पिटाई और बाद में उसे दरवाजे पर लाकर फेंक देने के मामले में पुलिस ने प्रेमिका के भाइयों समेत पांच युवकों पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बरेली के अस्पताल में भर्ती युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।
पिटाई से घायल मोहल्ला श्रीनारायणगंज निवासी सूर्यकांत उर्फ छोटू की मां सीमा देवी उर्फ सोमा पत्नी उदयराज ने पुलिस को बताया कि चार दिन पहले सुबह करीब सात बजे कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी कार सवार चार युवक घर से उनके बेटे सूर्यकांत को जबरन कार में डालकर ले गए। चारों ने कहीं ले जाकर उनके बेटे की बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद आरोपी उनके बेटे को बेहोशी की हालत में कार से दरवाजे पर लाकर फेंक गए थे। परिवार के लोगों ने घायल सूर्यकांत को पहले बदायूं में प्राथमिक उपचार कराया। हालत में सुधार नहीं होने पर उसे बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान चौथे दिन भी सूर्यकांत की हालत नाजुक बनी हुई है। सीमा ने बताया कि वह आईसीयू में भर्ती है। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि सीमा की शिकायत के आधार पर आरोपी राजकमल, छिदका, ब्रजेश कुमार, अभिषेक और उदयभान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर पुलिस ने दबिश भी दी, लेकिन वह नहीं मिले। उनका दावा है कि युवक की पिटाई नोएडा में की गई थी। उसकी प्रेमिका अपने परिजनों के साथ नोएडा में रहती है। पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्यों पर जांच शुरू कर दी है।