शहर में राजकीय महिला महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के नवीन सत्र का शुभारंभ बृहस्पतिवार स
बदायूं। राजकीय महिला महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के नवीन सत्र का शुभारंभ बृहस्पतिवार को किया गया। इस अवसर पर छात्राओं को वर्षभर संचालित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जागरूकता शिविर, वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर, पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियानों के बारे में जानकारी दी गई।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वंदना ने छात्राओं को बताया कि एनएसएस केवल शैक्षणिक गतिविधि तक सीमित नहीं है, बल्कि यह छात्राओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने छात्राओं से समाज सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ. अर्चना पांडेय और डॉ. बृजेश कुमार ने स्वयंसेविकाओं को एनएसएस की रूपरेखा, उद्देश्यों और इसके लाभों की विस्तृत जानकारी दी। वहीं, पूर्व कार्यक्रम अधिकारी डॉ. भावना सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार राष्ट्रीय सेवा योजना छात्राओं के व्यक्तित्व विकास और समाज के प्रति संवेदनशीलता को प्रोत्साहित करती है। उन्होंने छात्राओं को विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ऋषभ भारद्वाज सहित अन्य शिक्षकगण भी मौजूद रहे।