भदवार गर्ल्स इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को संगीत अकादमी की आधारशिला रख दी गई। संगीत अकादमी का नाम स्व. इंद्रजीत कौर के नाम से होगा। अमरपाल सिंह रोंपी की मां की स्मृति में बनने वाले हाल का निर्माण को पति चरनजीत अरोरा और बेटी जसप्रीत कौर ने नींव रखी। गुरुद्वारा बदायूं के ज्ञानी सोहन सिंह ने अरदास की।
कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सबसे पहले गुरुद्वारा सत्संग सभा बदायूं के ज्ञानी सोहन सिंह ने अरदास के बाद शिक्षा के क्षेत्र में स्व. इंद्रजीत कौर के योगदान की सराहना की। इंद्रजीत कौर के नाम पर संगीत अकादमी खोलने के लिए उनके बेटे अमरपाल सिंह अरोरा उर्फ रोंपी ने रजिस्ट्रेशन कराया था। अनुमोदन मिलते ही कॉलेज परिसर में प्रथम तल पर हाल को निर्माण को पति चरनजीत सिंह अरोरा और बेटी जसप्रीत कौर ने आधारशिला रखी।
कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष राजन मेंदीरत्ता ने बताया कि संगीत अकादमी में छात्राओं के लिए हॉस्टल की व्यवस्था भी होगी। छात्राओं को नृत्य, गायन और वादन सिखाया जाएगा। अकादमी की स्थापना में विशेष सहयोग के लिए अरोरा को सम्मानित किया गया। इस मौके पर कवि टिल्लन वर्मा, सन्नी अनेजा, अंकुर भाटिया, पुलकित भाटिया, श्वेता छाबड़ा, जयपाल थरेजा, गुड्डू शर्मा, कमल ओबराय, शिव अदलखा, दिलबाग सिंह बागी, अरुण चांदना, हनी सपरा, लियाकत, सुभाषचंद्र मिनोचा और ओम थरेजा आदि मौजूद रहे।