बदायूं। सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाएं आहत करने वाली पोस्ट पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने बृहस्पतिवार देर रात अपने फेसबुक अकाउंट पर हिन्दू देवी-देवताओं के संबंध में अभद्र, आपत्तिजनक पोस्ट की थी, जो शुक्रवार सुबह होते-होते वायरल हो गई। मामला गंभीर होने पर थाना सिविल लाइंस पुलिस सक्रिय हुई और कुछ ही घंटों में आरोपी को पकड़कर उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजा गया है।
कोतवाल सिविल लाइंस नीरज मलिक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ईशाक मोहम्मद उर्फ नन्हें, पुत्र इस्माइल अंसारी, निवासी वार्ड नंबर 5, शेखूपुर ने बीती रात अपने फेसबुक अकाउंट पर हिन्दू देवी-देवताओं और धर्म को अपमानित करने वाली वीडियो पोस्ट की थी। घटना की शिकायत निखिल कुमार ने पुलिस को दी।
इस पर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस-प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ, फर्जी या धर्म विरोधी पोस्ट देखने पर तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दें, ताकि माहौल बिगाड़ने वाले तत्वों पर अंकुश लगाया जा सके।