बुधवार को बीआरसी पर हुए प्राथमिक शिक्षक संघ की ब्लाक इकाई के चुनाव में देवेंद्र कुमार गुप्ता ने निवर्तमान अध्यक्ष विनेश कुमार मिश्रा को 27 मतों से हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा कर लिया। जबकि उन्हीं के गुट के अशोक बाबू शर्मा मंत्री पद के चुनाव में निवर्तमान मंत्री सलमान खान से हार गए। परिणाम की घोषणा होने के बाद चुनाव अधिकारी ने तीनों विजयी पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
बुधवार को प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लाक इकाई के चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गए। चुनाव में एक गुट से अध्यक्ष पद पर विनेश कुमार मिश्रा तथा मंत्री पद पर सलमान खान का सीधा मुकाबला दूसरे गुट के अध्यक्ष पद पर देवेंद्र कुमार गुप्ता व मंत्री पद पर अशोक बाबू शर्मा से था। सुबह 10 बजे से मतदान की प्रक्रिया चुनाव अधिकारी विजेंद्र पाल सिंह तथा धर्मेंद्र कुमार, राजीव सोलंकी और शिवकुमार यादव की देखरेख में शुरू हुई। मतदान में 181 में से 172 शिक्षकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दो बजे मतदान बंद होने के बाद मतगणना हुई, जिसमें अध्यक्ष पद पर देवेंद्र कुमार गुप्ता ने विनेश कुमार मिश्रा को 27 मतों से परास्त कर चुनाव जीत लिया। देवेंद्र गुप्ता को 98 और विनेश मिश्रा को 71 मत मिले। तीन वोट निरस्त हुए। मंत्री पद पर सलमान खान ने 119 वोट प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंदी अशोक बाबू शर्मा को 67 मतों से हराया। अशोक को 52 मत मिले, एक निरस्त हुआ। कोषाध्यक्ष पद पर अशोक कुमार गुप्ता को पहले ही निर्विरोध चुन लिया गया था।