उसावां। ग्राम पचदियोरा दीवान नगर निवासी सुरेंद्र सिंह ने गांव के ही दो लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित के अनुसार, 22 अगस्त 2026 की शाम करीब 5 बजे गांव के अनिल पुत्र नेत्रपाल और हृदेश पुत्र कृष्णपाल शराब के नशे में उसके घर के सामने गाली-गलौज कर रहे थे। विरोध करने पर दोनों ने मारपीट की और तमंचा निकालकर जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण पीड़ित ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया, फिर भी आरोपी रात में कई बार दरवाजे पर आकर धमकाते रहे।
सुरेंद्र का कहना है कि गांव के लोगों के समझाने पर उस समय थाने नहींं गया था। 17 अक्तूबर की रात करीब 8 बजे अनिल फिर उसके दरवाजे पर पहुंचा और गाली-गलौज कर धमकी दी। इसके बाद पीड़ित ने 18 अक्तूबर को थाना उसावां पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीओ अशेष नाथ सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।