जिला अस्पताल में दवा लेने के लिए लगी मरीजों की लाइन। संवाद
बदायूं। जिले में बढ़ती ठंड का असर अब बुजुर्गों की सेहत पर नजर आने लगा है। इन दिनों कई बुजुर्गों, खासकर 60 साल से अधिक उम्र वालों, में सांस लेने और पेशाब से जुड़ी समस्याएं सामने आ रहीं हैं। ऐसे 50-60 बुजुर्ग मरीज रोजाना अपना इलाज कराने जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं।
जिले में ठंड अपना प्रकोप दिखा रही है। इस मौसम में शरीर की प्रतिरोधक क्षमता घट जाती है। इससे फेफड़ों से जुड़ी बीमारियां जैसे दमा, ब्रोंकाइटिस और सीओपीडी के मरीजों को सांस लेने में परेशानी बढ़ जाती है। साथ ही ठंड के कारण पेशाब बार-बार लगना, जलन होना, रुक-रुककर आना और पूरी तरह खाली न होने की शिकायतें भी बढ़ जाती हैं।
खासकर प्रोस्टेट बढ़ने की समस्या से पीड़ित बुजुर्गों को इस मौसम में ज्यादा परेशानी होती है। जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. नितिन सिंह ने बताया कि ठंड में शरीर में पानी की मात्रा कम हो जाती है। रक्त संचार भी प्रभावित होता है। इससे मूत्र मार्ग संक्रमण (यूटीआई) और प्रोस्टेट से जुड़ी दिक्कतें बढ़ जाती हैं।
उन्होंने बुजुर्गों को दिनभर गुनगुना पानी पीने, ठंडी चीजों से बचने और समय पर दवा लेने की सलाह दी है। वहीं, पल्मोनरी विभाग के अनुसार सुबह और रात के समय ठंडी हवा सीधे फेफड़ों को प्रभावित करती है। इससे सांस फूलने की समस्या बढ़ जाती है। ऐसे मरीजों को मास्क लगाने, धूप में बैठने और ठंड से बचाव करने की जरूरत है।