बीएलओ का कार्य संतोषजनक न पाए जाने पर डीएम खफा
विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण कार्य के लिए मतदान केंद्रों पर लगाए गए बीएलओ का कार्य संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी पवन कुमार ने नाराजगी जताई है। उन्होंने निर्देश दिए कि एसडीएम बीएलओ को समझा दें। पुनरीक्षण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण कार्य के लिए रविवार को विशेष अभियान की दूसरी तारीख होने के चलते डीएम पवन कुमार ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी हवलदार यादव, एसडीएम बिल्सी विधान जायसवाल के साथ 114 बिल्सी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। पहले बिल्सी स्थित एनए इंटर कॉलेज में बनाए गए मतदान केंद्र पर पहुंचे, यहां बूथ संख्या 79 से 83 तक कुल पांच बूथ हैं। सभी बीएलओ के पास नाम शामिल कराने के लिए फार्म (6ए) कटवाने के लिए सात और संशोधन के लिए आठ और एक ही विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत एक मतदेय स्थल से दूसरे मतदेय स्थल में नाम स्थानांतरण को फार्म आठ (क) प्राप्त तो हुए, लेकिन मतदाता सूची में पुरुष और महिला मतदाताओं की संख्या में अंतर था। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मतदाता सूची में शत-प्रतिशत नव विवाहित महिलाओं से फार्म (6) भरवाकर उन्हें मतदाता बनाया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि वोटर लिस्ट से मृृतक मतदाताओं के नाम हटाए जाएं। इसके बाद वह नन्नूमल जैन विद्या मंदिर में बनाए गए मतदान केंद्र पर पहुंचे। यहां बूथ संख्या 93 से 98 तक छह पोलिंग बूथ हैं। जिलाधिकारी ने बीएलओ के अभिलेख चेक किए और सर्वे पंजिका देखी, तो किसी बीएलओ ने अभी सर्वे कार्य शुरू ही नहीं किया था। पंजिका सादा पाए जाने पर जिलाधिकारी के तेवर बदल गए। उन्होंने बीएलओ को खरी खोटी सुनाई। कहा कि सभी विधानसभाओं में शीघ्र सर्वे कार्य शुरू कराया जाए और महिला मतदाताओं का प्रतिशत बढ़ाया जाए। जिलाधिकारी ने सभी मतदान केंद्रों में एक ही डिजाइन में बूथ का विवरण वॉल पेंट कराने के निर्देश दिए हैं।
----
पहले अभियान में 4216 आवेदन प्राप्त हुए
बदायूं। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को चलाए जा रहे विशेष अभियान की पहली तारीख 18 सितबंर को जनपद के सभी 1645 मतदान केंद्रों एवं 2325 मतदेय स्थलों पर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फार्म छह 3128, नाम काटने के लिए फार्म सात 614 और संशोधन के लिए फार्म आठ 474 कुल 4216 आवेदन पत्र प्राप्त हुए थे। सभी आवेदन पत्रों को जांच के बाद ऑनलाइन अपलोड कर दिया गया है। जिलाधिकारी पवन कुमार ने निर्देश दिए हैं कि जो आवेदन पत्र बूथ पर प्राप्त हों, उनकी जांच अवश्य की जाए।
-----
वरिष्ठ अधिकारियों का बनाया जाएगा व्हट्सएप ग्रुप
बदायूं। जिलाधिकारी पवन कुमार नोे कहा है प्रशासनिक कार्यों और निर्वाचन कार्यों को दृष्टिगत रखते हुए एडीएम, सभी एसडीएम, तहसीलदारों तथा अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों का व्हट्सएप ग्रुप तैयार कराया जाएगा, जिससे सूचनाओं के आदान-प्रदान और निर्देशों को संबंधित अधिकारियों तक जल्द पहुंचाने में मदद मिलेगी।