दातागंज में घटना की जानकारी देते कांवड़िया। संवाद
दातागंज (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के ककरऊआ गांव के नजदीक कुछ खुराफाती तत्वों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली रोककर कांवड़ियों के साथ मारपीट कर दी। उनके कपड़े फाड़ डाले। गुस्साये कांवड़ियों ने सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन देर शाम तक मौके पर जाम लगा रहा। कोतवाली पुलिस भी आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव कड़ेका निवासी कांवड़ियों का जत्था मंगलवार शाम करीब पांच बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली पर डीजे बांधकर कछला जल भरने जा रहा था। बताते हैं कि कांवड़ियों का जत्था रास्ते में ककरऊआ गांव से गुजर रहा था। तभी कुछ खुराफाती तत्वों ने उनका ट्रैक्टर-ट्रॉली रुकवा लिया और उनसे गाना बजाने को कहा, जिसे कांवड़ियों ने मना कर दिया। इसके बाद खुराफाती तत्वों ने कांवड़ियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने सबसे पहले ट्रैक्टर चला रहे कांवड़िया रितेश के साथ मारपीट की। उसके अलावा कई कांवड़ियों के कपड़े तक फाड़ डाले और फिर मौके से भाग गए। गुस्साये कांवड़ियों ने सड़क पर जाम लगा लिया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग शुरू कर दी।
इसकी सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कांवड़ियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह देर शाम तक कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। इससे शाम करीब 7:30 बजे तक जाम लगा रहा। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। कांवड़ियों को शांत कराने की कोशिश की जा रही है।